विधायक राजेंद्र भांबू के भाई जोगेंद्र भांबू के निधन पर शोकसभा में जुटे प्रदेश के दिग्गज नेता, परिवार को बंधाया ढांढस
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू के भाई जोगेंद्र भांबू के निधन पर गुरूवार को उनके पैतृक गांव नरनौद में आयोजित शोकसभा भावनात्मक माहौल और गहरे शोक से सराबोर रही। शोकसभा में झुंझुनूं के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। मंत्री गहलोत ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में शोक और संवेदनाओं का वातावरण बना रहा।
शोकसभा में उमड़ा जनप्रतिनिधियों का सैलाब
शोकसभा में प्रदेश और जिले के अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचे। सभी ने एक स्वर में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, संसदीय कार्य एवं न्याय मंत्री जोगाराम पटेल, नवलगढ़ विधायक विक्रम जाखल, सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार, नोखा विधायक सुशीला डूडी, विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड अध्यक्ष रामगोपाल सुथार सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूर्व आरटीडीसी चेयरमैन रणदीप धनखड़, पूर्व कृषि मंत्री लालचंद कटारिया, पूर्व प्रधान कैलाश मेघवाल सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया। इससे पूर्व बुधवार को भी नरनौद में नेताओं और जनप्रतिनिधियों का आना-जाना जारी रहा। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सीपी जोशी ने विधायक राजेंद्र भांबू से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, विधायक शिखा मील बराला, पिलानी विधायक पितराम काला, युनूस खान, गोवर्धन वर्मा, पूर्व सांसद नरेंद्र कुमार, स्वामी सुमेधानंद सरस्वती सहित कई नेताओं ने शोक जताया। जिला कलेक्टर अरूण गर्ग सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
सीएम से लेकर शीर्ष नेतृत्व तक ने जताया शोक
राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने फोन एवं सोशल मीडिया के माध्यम से शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।


















