कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई, बिजली-पानी, सड़क और राजस्व सहित कई मुद्दे उठे
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले में प्रशासनिक जवाबदेही और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने की। इस दौरान जिलेभर से पहुंचे परिवादियों ने बिजली, पानी, सड़क, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं गंभीरता से जिला कलेक्टर के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में उठाए गए प्रकरणों को जिला कलेक्टर ने गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। जनसुनवाई के दौरान एसीईओ रामनिवास, एएसपी देवेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के माध्यम से जुड़े। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि प्राप्त परिवादों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कर आमजन को राहत प्रदान करें।















