घांधू के जीण माता मंदिर चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार

Screenshot

सदर थाना पुलिस ने हरियाणा निवासी आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लिया गिरफ्तार, सोने-चांदी के छत्र और नगदी चोरी का मामला

चूरू। चूरू के गांव घांधू स्थित जीण माता मंदिर में फरवरी 2026 में हुई चोरी के मामले में सदर थाना पुलिस ने बुधवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हरियाणा निवासी गजानन उर्फ गज्जू को गिरफ्तार किया है, जो वर्तमान में फतेहपुर उपकारागृह में बंद था। आरोपी को न्यायालय के आदेश पर प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार किया गया।सदर थाना पुलिस के अनुसार फरवरी 2026 की रात अज्ञात चोर मंदिर के ताले तोड़कर चांदी के आठ बड़े छत्र, दो सोने के छत्र और करीब 80 हजार रुपए से भरा दानपात्र चोरी कर ले गए थे। घटना का खुलासा मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से हुआ था।मामले में सदर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने साइबर सेल, एमओबी शाखा और अन्य टीमों की मदद से राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया, लेकिन लंबे समय तक कोई सुराग नहीं मिला।बाद में रामगढ़ थाना क्षेत्र के एक अन्य चोरी प्रकरण में गिरफ्तार आरोपी गजानंद उर्फ गज्जू का नाम सामने आया। पूछताछ में उसने अपने साथी नवाब के साथ जीण माता मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।इसके बाद पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपी से चोरी में प्रयुक्त कार, सोने-चांदी के छत्र और नगदी की बरामदगी के साथ अंतरराज्यीय चोर गिरोह से जुड़े अन्य मामलों की जांच कर रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड मांगा गया है।