मरीज हुए परेशान, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
चूरू। ऑल इंडिया केमिस्ट्स एसोसिएशन के आह्वान पर जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के बैनर तले मेडिकल संचालकों ने ऑनलाइन दवा बिक्री और कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा भारी डिस्कांउट के विरोध में बुधवार को जिलेभर में मेडिकल स्टोर बंद रहे। शहर के अधिकांश मेडिकल स्टोर बंद रहने से दवा लेने पहुंचे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। चूरू जिला केमिस्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष रामसिंह खींवासर ने बताया कि देशभर में केमिस्ट्स ने ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक लगाने, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट को बंद करने और नकली दवाइयों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को एक दिवसीय हड़ताल की गई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लेती है, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मरीजों को करना पड़ा परेशानियों का सामना
चूरू जिला केमिस्ट एसोसिएशन की ओर से बंद के आह्वान पर बंद का असर कई मरीजों पर देखने को मिला। यहां दवाएं न मिलने के कारण वापस निराश लौटना पड़ा, विशेषकर दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आए मरीजों को अत्यधिक परेशानियों का सामना करना पड़ा। मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि मेडिकल बंद होने से उन्हें आवश्यक दवाइयां नहीं मिल पाईं, जिससे उनका इलाज प्रभावित हुआ है। वहीं मेडिकल संचालकों का कहना है कि ऑनलाइन दवा कंपनियों और बड़े कॉरपोरेट्स के कारण छोटे व्यापारियों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, जिसके चलते यह आंदोलन करना उनकी मजबूरी हो गई। इस अवसर पर राजकुमार, सरवानंद, विजय कुमार शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, सुनील शर्मा, सुधीर शर्मा, नटवर हारित, सुशील कुमार, कन्हैयालाल शर्मा, संजय सहित एसोसिएशन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे।











