Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं 5 साल से फरार 5 हजार का इनामी डकैत दबोचा

5 साल से फरार 5 हजार का इनामी डकैत दबोचा

झुंझुनूं नगर निकाय चुनाव 2026 में मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी की अपील

मेवात से सुलताना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गिरफ्तारी से बचने के लिए बदलता रहा ठिकाने

झुंझुनूं । अजीत जांगड़
जिले की सुलताना थाना पुलिस ने डकैती के एक पुराने मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच साल से फरार चल रहे पांच हजार रूपए के इनामी आरोपी महकत उर्फ लियाकत को हरियाणा के नूंह मेवात क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर राजस्थान और हरियाणा के विभिन्न इलाकों में लगातार ठिकाने बदल रहा था। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा चिड़ावा वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थाना सुलताना की टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस के अनुसार डकैती के प्रकरण में वांछित चल रहे आरोपी महकत उर्फ लियाकत पर पांच हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी नूंह मेवात, अलवर, जयपुर और हरियाणा के कई क्षेत्रों में लगातार फरारी काट रहा था। पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिशों के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और आखिरकार उसे धर दबोचा। थानाधिकारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने कई दिनों तक लगातार पीछा कर आरोपी तक पहुंच बनाई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार स्थान बदल रहा था, लेकिन टीम की सतत निगरानी और सूचनाओं के सटीक विश्लेषण के चलते उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महकत उर्फ लियाकत पुत्र शेर मोहम्मद निवासी कामेडा, थाना फिरोजपुर झिरका, जिला नूंह मेवात (हरियाणा) के रूप में हुई है। कार्रवाई में थाना सुलताना के थानाधिकारी रविन्द्र कुमार, सहायक उप निरीक्षक राजेश कुमार, कांस्टेबल प्रकाश कुमार तथा कांस्टेबल दिनेश कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस टीम की इस सफलता को जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन 🔥 Petrol-Diesel Price Protest | Churu News

 

Advertisement