“साइलेंट किलर” पर बीडीके अस्पताल की बड़ी पहल : 149 लोगों की हुई जांच

विश्व रक्तचाप दिवस पर सात दिवसीय जागरूकता अभियान शुरू, विशेषज्ञों ने दी समय पर जांच और उपचार की सलाह

झुंझुनूं । अजीत जांगड़
बीडीके अस्पताल में विश्व रक्तचाप दिवस के अवसर पर शनिवार को जांच एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में आमजन ने भाग लेकर रक्तचाप की जांच करवाई। जिले के सबसे बड़े राजकीय अस्पताल में आयोजित इस शिविर में 149 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 86 पुरुष एवं 63 महिलाएं शामिल रहीं। जांच के दौरान 15 पुराने मरीजों के साथ 3 नए उच्च रक्तचाप रोगियों का पंजीकरण भी किया गया। शिविर का शुभारंभ पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र भाम्बू ने किया। उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप एक गंभीर लेकिन “साइलेंट किलर” बीमारी है, जो समय पर जांच और उपचार नहीं होने पर नकसीर, लकवा, अंधता तथा गुर्दों की कार्यक्षमता प्रभावित होने जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में रक्तचाप जांच, उपचार एवं उससे जुड़ी जटिलताओं के इलाज की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है। आरएमओ डॉ. विजय झाझड़िया ने आमजन से नियमित स्वास्थ्य जांच करवाने और रक्तचाप के प्रति जागरूक रहने की अपील की। वहीं एनसीडी नोडल अधिकारी डॉ. उमेश चाहर ने उच्च रक्तचाप के लक्षण, जांच और उपचार की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी पखवाड़े में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पीएमओ डॉ. भाम्बू ने कहा कि डायबिटीज, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग आपस में जुड़े हुए रोग हैं। इनमें लापरवाही शरीर के विभिन्न अंगों पर गंभीर दुष्प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने बताया कि विशेष रूप से डायस्टोलिक बीपी का बढ़ना अधिक खतरनाक साबित हो रहा है। उच्च रक्तचाप से बचाव के लिए चिकित्सकों की सलाह – नियमित व्यायाम करें , जंक फूड से परहेज रखें , नमक का सीमित उपयोग करें , तनावमुक्त जीवनशैली अपनाएं , पर्याप्त एवं नियमित नींद लें और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाएं I इस अवसर पर डॉ. संजय खीचड़, डॉ. अरविंद जाखड़, नर्सिंग अधीक्षक ओमप्रकाश जांगिड़, मुकेश मीणा, सुभाष, बबीता एवं सुमन सहित अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा ॥

महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन 🔥 Petrol-Diesel Price Protest | Churu News