नाकाबंदी तोड़ भाग रहे हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाश दबोचे, देशी कट्टा व कारतूस बरामद

सुलताना पुलिस और डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई, पीछा कर पकड़ी संदिग्ध स्विफ्ट कार; चूरू का हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी

सुलताना I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुलताना पुलिस थाना एवं जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर सहित दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस तथा प्रयुक्त स्विफ्ट कार जब्त की है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी के खिलाफ चूरू और बीकानेर जिलों में कुल आठ आपराधिक मामले दर्ज होना सामने आया है। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, चिड़ावा वृत्ताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन तथा सुलताना थानाधिकारी रविन्द्र कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 21 जून की रात थाना सुलताना पुलिस एवं डीएसटी की टीम चनाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि लोयल की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार में दो युवक आ रहे हैं, जिनके पास अवैध हथियार हो सकते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन पर नजर रखनी शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध स्विफ्ट कार नाकाबंदी स्थल पर पहुंची। पुलिस द्वारा रूकने का संकेत देने पर चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार को वापस मोड़ लिया और तेज गति से फरार होने का प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा शुरू किया और आगे-पीछे से घेराबंदी कर वाहन को रुकवा लिया। कार रूकते ही उसमें सवार दोनों युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने लगे, लेकिन पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान विजेन्द्र सिंह पुत्र सुमेर सिंह (26) निवासी सोमणसर, थाना भालेरी, जिला चूरू तथा विरेन्द्र सिंह पुत्र नारायण सिंह (25) निवासी सोमणसर, थाना भालेरी, जिला चूरू के रूप में बताई। पुलिस नाकाबंदी देखकर भागने के कारण पूछने पर दोनों युवक घबरा गए और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। संदेह होने पर उनकी तलाशी ली गई, जिसमें एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। हथियार का लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियार, कारतूस और स्विफ्ट कार को जब्त कर लिया। आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच और पूछताछ की जा रही है।

हिस्ट्रीशीटर निकला मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी विजेन्द्र सिंह थाना भालेरी का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ चूरू और बीकानेर जिलों में विभिन्न धाराओं के तहत कुल आठ आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब आरोपियों से अवैध हथियार रखने और संभावित आपराधिक गतिविधियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

कार्रवाई में पुलिस टीम में थाना सुलताना टीम में : रविन्द्र कुमार (थानाधिकारी), अनिल कुमार (सहायक उपनिरीक्षक), प्रकाश कुमार, पवन कुमार एवं धर्मेन्द्र शामिल रहें वहीं जिला स्पेशल टीम (डीएसटी): में हेमराज (प्रभारी), शशिकांत (सहायक उपनिरीक्षक), हरीश, संदीप, सुनील एवं कुलदीप शामिल रहें I पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अपराधियों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।