जिले में खेल प्रतिभा का परचम: केशव आदर्श विद्या मंदिर ने जीते 60 पदक, नेशनल कोच आकाश नेहरा सम्मानित

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले के शिक्षा एवं खेल जगत के लिए गौरव का क्षण उस समय बना, जब जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में वर्ष 2025-26 के दौरान सर्वाधिक पदक जीतने वाले विद्यालय के रूप में शहर के केशव आदर्श विद्या मंदिर का नाम पूरे सम्मान के साथ घोषित किया गया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय कोच आकाश नेहरा के कुशल नेतृत्व में जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिताओं में अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए कुल 60 पदक अपने नाम किए।इन उपलब्धियों में 47 गोल्ड मेडल , 10 सिल्वर मेडल और 3 ब्रोंज मेडल शामिल रहे। विद्यालय के खिलाड़ियों ने जूडो, योगासन, कुश्ती एवं कुरास जैसे खेलों में दमदार प्रदर्शन कर जिले का नाम प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया। खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे नेशनल कोच आकाश नेहरा की मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रशिक्षण को प्रमुख आधार माना गया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर आयोजित जिला स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह में नेशनल कोच आकाश नेहरा का भव्य सम्मान किया गया। मुख्य अतिथि सत्यनारायण मिश्रा (राजस्थान खेल प्रमुख, विद्या भारती), मुकेश (विभाग प्रचारक), सुभाष जालान, रामजीलाल कल्याणी एवं राजेंद्र कुमार गोयन ने आकाश नेहरा को अंगवस्त्र, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्र निर्माण का माध्यम हैं। केशव आदर्श विद्या मंदिर ने खेलों के क्षेत्र में जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह जिले के अन्य विद्यालयों के लिए प्रेरणा का विषय है। इस अवसर पर जिला सचिव राजेश शर्मा, विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाचार्य, आचार्यगण, दीदी, अभिभावक, विद्यार्थी एवं स्थानीय विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। समारोह के दौरान खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के सम्मान में लगातार तालियों की गूंज सुनाई देती रही तथा पूरे परिसर में उत्साह और गौरव का वातावरण बना रहा।