झुंझुनूं रेलवे जंक्शन आंदोलन को मिलेगा नया विस्तार, संघर्ष समिति ने बढ़ाई टीम

चन्द्र प्रकाश धूपिया सलाहकार मण्डल प्रमुख एवं फैयाज अहमद खान उपाध्यक्ष मनोनीत

झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
“झुंझुनूं मांगे रेलवे जंक्शन” जनसंघर्ष अभियान को गति देने के उद्देश्य से शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति की कार्यकारिणी का विस्तार किया गया है। समिति के वरिष्ठ सदस्य चन्द्र प्रकाश धूपिया को सलाहकार मण्डल प्रमुख तथा सक्रिय कार्यकर्ता फैयाज अहमद खान, नूआं को उपाध्यक्ष पद पर मनोनीत किया गया है। समिति अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी दिनों में 31 सदस्यीय संरक्षक मण्डल, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ, सतर्कता एवं जागरूकता प्रकोष्ठ का गठन भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रेलवे जंक्शन की मांग को लेकर जिलेभर में जनआंदोलन को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।अग्रवाल ने बताया कि निकट भविष्य में बड़े आंदोलन की संभावना को देखते हुए मंडावा, बिसाऊ, मलसीसर, मण्ड्रेला, पिलानी, चिड़ावा, सिंघाना, सूरजगढ़, बुहाना, खेतड़ी, जसरापुर, चनाना, सुलताना, बगड़, इस्लामपुर, उदयपुरवाटी, गुढ़ा, नवलगढ़ एवं मुकुन्दगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों में गैर राजनीतिक व्यक्तियों को नगर मण्डल अध्यक्ष नियुक्त कर 25-25 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित की जाएगी। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में प्रत्येक वार्ड से 50 पुरुष एवं 50 महिलाओं को समिति से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए महिला मोर्चा का भी गठन किया जाएगा। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि शेखावाटी क्षेत्र के रेल विकास एवं झुंझुनूं को रेलवे जंक्शन का दर्जा दिलाने के लिए जनसमर्थन लगातार बढ़ रहा है।