परसरामपुरा स्टेडियम पर बढ़ा संकट: ग्रामीणों की गुहार पर कलेक्टर ने जताई असमर्थता, बोले— “अब मामला कोर्ट के अधीन”

नवलगढ़ I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
परसरामपुरा में चल रहे “स्टेडियम बचाओ अभियान” के तहत मंगलवार को ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर अरुण गर्ग से मुलाकात कर स्टेडियम को बचाने की मांग उठाई। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपते हुए स्टेडियम को नहीं तोड़ने तथा प्रशासनिक हस्तक्षेप करने की अपील की। जिला कलेक्टर सभागार में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला कलेक्टर अरुण गर्ग के साथ नवलगढ़ एसडीएम कुलदीप सिंह शेखावत, डीएसपी महावीर सिंह तथा पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर भी मौजूद रहे। गौरतलब है कि सोमवार शाम प्रशासन और ग्रामीणों के बीच हुई बैठक में एसडीएम शेखावत ने ग्रामीणों को जिला कलेक्टर से मिलने की सलाह दी थी। ग्रामीणों की मांग सुनने के बाद जिला कलेक्टर अरुण गर्ग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मामला अब कोर्ट की अवमानना (कंटेम्प्ट ऑफ कोर्ट) से जुड़ चुका है, इसलिए प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की मदद संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि ग्रामीणों को राहत चाहिए थी तो उन्हें समय रहते हाईकोर्ट की शरण लेनी चाहिए थी। सूत्रों के अनुसार स्टेडियम प्रकरण को लेकर जिला कलेक्टर अरुण गर्ग को आगामी 18 मई को हाईकोर्ट में पेश होना है। मामले की पैरवी कर रहे एडवोकेट किशोर जांगिड़ ने बताया कि उन्हें भी हाईकोर्ट द्वारा 18 मई की तारीख दी गई है। उन्होंने कहा कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यवाही पूरी करने के बाद ही न्यायालय में पेश होंगे तथा ग्रामीणों से सहयोग बनाए रखने की अपील की। प्रतिनिधिमंडल में प्रशासक करणीराम, एडवोकेट किशोर जांगिड़, एडवोकेट सज्जन चाहर, अरुण चाहर, सुरेश गुर्जर, सरदार सिंह चाहर, विनोद टेलर, रफीक मोहम्मद, मनीष मीणा, राहुल सर्राफ, रामप्रताप मीणा और भोलाराम गुर्जर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।