खेतड़ी । झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस मनाया गया कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पीएमओ डॉ. अक्षय शर्मा, विशिष्ट अतिथि डॉ अनुराधा निर्वाण, डॉ संदीप डांगी थे जबकि अध्यक्षता नर्सिंग अधीक्षक विजयपाल सैनी ने की। कार्यक्रम के दौरान सर्वप्रथम अतिथियों ने विधिवत रूप से नर्सिंग की जन्मदाता फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी। कार्यक्रम में पीएमओ डॉ अक्षय शर्मा ने कहा कि मेडिकल सेवाओं में बेहतर बनाने में सबसे बड़ा योगदान नर्सिंग कर्मचारियों का होता है। नर्सिंग कर्मचारी एक अस्पताल की रीड की हड्डी होते हैं, जिनके द्वारा पूरे अस्पताल का संचालन सुचारु रूप से किया जाता है। नर्सिंग के पेशे से जुड़े कर्मचारी सेवा और त्याग को समर्पित होकर काम करते हैं। कोरोना काल में इन कर्मचारियों ने अपने परिवार को छोड़कर आमजन की सेवा में अपना जीवन लगा दिया। इस दौरान कई कर्मचारियों ने सेवा करते हुए अपने प्राणों की आहुति तक दे दी, लेकिन सेवा और त्याग का समर्पण नहीं छोड़ा। आज के समय में चिकित्सा सेवा में नर्सिंग कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जो अस्पताल में आने वाले मरीजों की बीमारियों से लेकर उनके स्वस्थ होकर घर जाने तक की जिम्मेदारी वहन करते हैं। इस दौरान उपस्थिति कर्मचारियों ने नर्सिंग की जन्मदाता फ्लोरेंस नाइटेंगल की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। वही केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। इस दौरान उपस्थि ओएत लोगों ने एक- दूसरे को नर्सिंग दिवस की बधाई देकर शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कर्मचारियों ने चिकित्सा सेवाओं में अपनी बेहतर सेवाएं देने का संकल्प भी लिया। इस मौके पर अनिल कुमार, सहीराम वर्मा, बाबूलाल, दयाकौर, सुनीता, मंजू वर्मा, अनुज, मंजू यादव, पूनम सैनी, सतीश मान, हेल्थ कोऑर्डिनेटर अजय सुरोलिया, मुनालाल , दीपक राणा, कपिल सहित अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।










