पासपोर्ट सेवा केंद्र को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, साइनाइड गैस वाले 16 बम होने का दावा

चूरू के मुख्य डाकघर परिसर में मची अफरातफरी, बम निरोधक दस्ते की जांच में कुछ नहीं मिला

चूरू। शहर के मुख्य डाकघर परिसर में संचालित पासपोर्ट सेवा केंद्र में बुधवार को एक बार फिर बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। ईमेल के जरिए भेजे गए संदेश में साइनाइड गैस से भरे 16 बम होने और दोपहर सवा पांच बजे विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरातफरी मच गई। दोपहर करीब 2 बजे धमकी की जानकारी सामने आने के बाद कोतवाली थाना पुलिस के एसआई फरमान खान अपनी टीम और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे।एहतियातन पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। डाकघर और पासपोर्ट सेवा केंद्र में मौजूद कर्मचारियों एवं आमजन को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।इसके बाद बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की सघन तलाशी ली। हर कमरे, कोने और संदिग्ध स्थान की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद इसे फर्जी अलर्ट घोषित कर दिया गया।जानकारी के अनुसार पिछले दो महीनों में यह चौथी बार है जब पासपोर्ट सेवा केंद्र को निशाना बनाते हुए धमकी दी गई है। इस बार भी संदिग्ध ईमेल क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जयपुर को भेजा गया था। प्रारंभिक जांच में ईमेल का स्रोत दक्षिण भारत से जुड़ा बताया जा रहा है।फिलहाल साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। प्रशासन ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड

रतननगर में 540 मरीजों का मुफ्त इलाज, 32 साल से चल रहा मिर्गी शिविर

चूरू में BJP की जीत का जश्न,  गढ़ चौराहे पर आतिशबाजी और मिठाई