राष्ट्रीय ताइक्वांडो में एसीआई स्कूल का दमदार प्रदर्शन

झुंझुनूं के बेटों ने जीते रजत पदक, विद्यालय में हुआ भव्य सम्मान समारोह

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
स्थानीय जिला मुख्यालय स्थित एसीआई सी. सै. स्कूल के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है। 5वीं हिन्द इंडिया ताइक्वांडो चैम्पियनशिप में विद्यालय के खिलाड़ियों ने सब जूनियर बालक वर्ग में रजत पदक जीतकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे झुंझुनूं जिले और विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल बना हुआ है।
संस्था के खेल प्रशिक्षक आकाश योगी ने बताया कि राष्ट्रीय ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एसीआई स्कूल के विद्यार्थियों ने अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में युवराज (38 किलोग्राम वर्ग), पुत्र बाबूलाल तथा आहिल (35 किलोग्राम वर्ग), पुत्र मो. अयुब अली ने शानदार मुकाबले खेलते हुए रजत पदक अपने नाम किए। इसके अलावा अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन प्रदर्शन कर संस्था की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाई। प्रतियोगिता में सफलता के बाद विद्यालय में आयोजित विशेष प्रार्थनास्थलीय समारोह में विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षक एवं अभिभावकों का सम्मान किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर तालियों की गूंज के बीच विद्यालय परिवार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अभिभावकों ने विद्यालय की शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था बच्चों को शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट अवसर प्रदान कर रही है, जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव हो पा रहा है। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. दिव्या ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि एसीआई विद्यालय आगे भी खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।