गर्मी से राहत की बड़ी सौगात: बीडीके अस्पताल को मिले 11 जम्बो कूलर और 70 पंखे

पुनीत कृष्ण गाडिया मेमोरियल ट्रस्ट की पहल, जल्द ही 9 और जम्बो कूलर होंगे उपलब्ध

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
भीषण गर्मी के बीच जिले के सबसे बड़े राजकीय भगवानदास खेतान (बीडीके) अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों को राहत पहुंचाने के लिए समाजसेवा का प्रेरणादायी उदाहरण सामने आया है। शहर के भामाशाह गोपीचंद गाडिया ने पुनीत कृष्ण गाडिया मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के माध्यम से अस्पताल को लाखों रुपए की लागत से 11 जम्बो कूलर और 70 पंखे भेंट किए हैं। खास बात यह है कि सभी उपकरण पांच वर्ष की वारंटी के साथ उपलब्ध करवाए गए हैं।.अस्पताल प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में ट्रस्ट की ओर से 9 अतिरिक्त जम्बो कूलर भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इन जम्बो कूलरों को अस्पताल के विभिन्न वार्डों में तत्काल प्रभाव से स्थापित किया जा रहा है, ताकि भीषण गर्मी में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों और आमजन को राहत मिल सके। पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि बीडीके अस्पताल की स्थापना से ही भामाशाहों का सहयोग निरंतर मिलता रहा है। अस्पताल परिसर में पार्कों के विकास, वाटर कूलर, व्हील चेयर, रोगी ट्रॉली, एसी तथा अन्य सुविधाओं के लिए समाजसेवियों का लगातार सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह सहयोग अस्पताल के प्रति आमजन और भामाशाहों के विश्वास एवं जुड़ाव का प्रतीक है।डॉ. भाम्बू ने बताया कि जम्बो कूलर बड़े क्षेत्रफल वाले वार्डों और अधिक संख्या में मरीजों वाले स्थानों पर लगाए जा रहे हैं, जिससे अधिकतम लोगों को गर्मी से राहत मिल सके। वहीं अस्पताल में लू एवं तापघात से प्रभावित मरीजों के लिए अलग से पूर्णत: वातानुकूलित विशेष वार्ड भी संचालित किया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पूर्व जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग की प्रेरणा से लायंस क्लब एवं श्याम आशीर्वाद सेवा समिति द्वारा भी अस्पताल में वाटर कूलर भेंट किए गए थे।.इस अवसर पर पीएमओ डॉ. जितेंद्र भाम्बू, कपिल गाडिया, आरएमओ डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील सैनी, डॉ. अरविंद जाखड़, स्वास्थ्य प्रबंधक एवं राष्ट्रीय एसेसर डॉ. नावेद अख्तर, नर्सिंग अधीक्षक ओमप्रकाश जांगिड़ सहित अस्पताल स्टाफ मौजूद रहा।

चूरू से महिला कांग्रेस का बड़ा अभियान, PM को भेजे जाएंगे 10 लाख पोस्टकार्ड

रतननगर में 540 मरीजों का मुफ्त इलाज, 32 साल से चल रहा मिर्गी शिविर

चूरू में BJP की जीत का जश्न,  गढ़ चौराहे पर आतिशबाजी और मिठाई