महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चला विशेष अभियान, 5200 से अधिक लोगों को किया जागरूक
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस द्वारा चलाया गया विशेष अभियान “ऑपरेशन गरिमा” सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने स्कूलों, कॉलेजों, कोचिंग सेंटरों तथा भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखकर छेड़छाड़, छींटाकशी और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्यूआईड़ीटी फूलचंद मीणा के मार्गदर्शन में निर्भया स्क्वॉयड टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, पार्क, बाजार और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त एवं निगरानी रखी। अभियान के तहत महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा राजकॉप सिटीजन ऐप के बारे में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने करीब 5200 आमजन, छात्र-छात्राओं और युवाओं को महिला सुरक्षा, साइबर सतर्कता और कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर जागरूक किया। पुलिस ने अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं से अभद्र व्यवहार करने वाले व्यक्तियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई भी की। जिला पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान बनाए रखने में समाज की सहभागिता बेहद जरूरी है तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।













