197 मेधावी विद्यार्थियों का 5.21 लाख रूपए के नगद पुरस्कारों से किया सम्मान
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी झुंझुनूं के तत्वावधान में अनुसूचित जाति के संपूर्ण जिले के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह अंबेडकर भवन में आयोजित किया गया। 10वीं व 12वीं आरबीएसई—सीबीएसई बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत और इससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इनमें 66 मेधावी विद्यार्थियों को विभिन्न भामाशाहों की तरफ से तथा शेष 131 विद्यार्थियों को सोसायटी की तरफ से कुल 197 मेधावी विद्यार्थियों को 5.21 लाख रूपए से अधिक का नगद पारितोषिक दिया गया। सोसायटी के संरक्षक महावीर सानेल ने बताया कि डॉ. सीताराम गोठवाल व राजीव कुमार वर्मा दो—दो तथा ताराचंद एएओ ने एक मेधावी विद्यार्थी को 11—11 हजार रूपए, संतकुमार महरिया राणासर ने 11 विद्यार्थियों को 51—51 सौ रूपए, सुखदेव सिंह सिरोवा बासड़ी परिवार की ओर से 3100—3100 रूपए, डॉ. महेंद्र कुमार सानेल के परिवार ने 20 विद्यार्थियों 2100—2100 रूपए का नगद पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके अलावा 131 विद्यार्थियों को भी 2100—2100 रूपए सोसायटी की ओर से दिए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडीएम डॉ. अजय कुमार आर्य थे। उन्होंने इस मौके पर डॉ. अंबेडकर को प्रेरणा स्त्रोत बनाने तथा माता—पिता—गुरूजनों का सम्मान करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में काबिल बनने के बाद समाज को कभी ना भूलें। कार्यक्रम को मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. प्रमोद नारनोलिया, डॉ. सीताराम महरिया, सुखदेव सिंह सिरोवा, सोसायटी अध्यक्ष अमरसिंह धीरज तथा तनसुख सानेल ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवरलाल सर्वा, जयलाल सिंह, रामनिवास भूरिया, पत्रकार शक्तिसिंह, राधेश्याम खारिया, डॉ. संपत्त बारूपाल, सत्यनारायण गर्वा, रामनिवास जिनोलिया, कर्नल लीलाधर चौहान, प्रदीप चंदेल, महेंद्र सिंह नरहड़, रामस्वरूप सिंह, ओमनारायण, सुरेश बेसरवाल, नौरंगलाल सानेल, गणपतलाल रैगर. बालाराम रांगेरा आदि मौजूद थे। सभी उपस्थित विद्यार्थियों व अतिथियों के भोजन की व्यवस्था राधेश्याम खारिया की ओर से की गई। इस कार्यक्रम में कुल पांच लाख 21 हजार 200 रूपए के नगद पुरस्कार दिए गए। सानेल ने बताया कि समाज के मेधावी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने के लिए और उन्हें आगे बढाने के लिए लगातार सोसायटी अपना सहयोग करती रही है। जो आगे भी जारी रहेगा। इसके अलावा विद्यार्थियों को पढाई के लिए अच्छा माहौल मिले। इसके लिए भी सोसायटी कृत संकल्पित है।













