3 साल से फरार स्थायी वारंटी चढ़ा पुलिस के हत्थे

सूरजगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी: हरियाणा से दबोचा गया आरोपी, विशेष अभियान में मिली सफलता

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सूरजगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन एवं वृताधिकारी चिड़ावा विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई अंजाम दी। पुलिस के अनुसार, स्थायी गिरफ्तारी वारंटी मनजीत सिंह उर्फ राहुल (38) पुत्र रण सिंह, निवासी उनाणी, थाना कनीना (हरियाणा) पिछले करीब तीन वर्षों से फरार चल रहा था। लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। लगातार दबिश और तकनीकी व मुखबिर तंत्र की मदद से आखिरकार पुलिस ने उसे दबोचने में सफलता हासिल की।इस कार्रवाई में थानाधिकारी रणजीत सिंह सेवदा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक पारसराम, कांस्टेबल प्रवीण कुमार और धर्मेन्द्र कुमार की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में कानून से भागने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।