चूरू में तेज़ आंधी से गिरे दो बिजली के पोल, बड़ा हादसा होने से टला

बिजली विभाग की अनदेखी से वार्ड 25 और 26 में पोल गिरने की घटना, रातभर अंधेरे में रहे लोग; केबल और वाईफाई लाइनों के बोझ से कमजोर हुए पोल

चूरू। शहर के वार्ड 25 और 26 में बुधवार रात 9:30 बजे के आसपास आई तेज़ आंधी के कारण दो बिजली के पोल गिर गए, जिससे इलाके में अंधेरा छा गया और लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस घटना के बाद वार्ड के लोगों को पूरी रात अंधेरे में बितानी पड़ी। बिजली आपूर्ति ठप होने से वार्डवासियों को सुबह पानी की भी किल्लत झेलनी पड़ी, जिससे उनकी परेशानियां और बढ़ गईं।लोगों का आरोप है कि अगर बिजली विभाग ने समय रहते इन जर्जर पोलों को बदल दिया होता या उनकी मरम्मत की होती, तो यह हादसा टल सकता था। मौहल्लेवासियों ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ नाराजगी जताई और मांग की कि पोलों की नियमित जांच और मरम्मत की जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।वार्ड के निवासी खैरुद्दीन ने बताया कि ये पोल पहले से ही जर्जर और कमजोर स्थिति में थे और इसकी जानकारी बिजली विभाग को पहले ही दी जा चुकी थी। हालांकि, विभाग ने इसे अनदेखा कर दिया, जिसके चलते बुधवार रात की आंधी में ये पोल गिर गए।खैरुद्दीन ने बताया कि यह एक बड़ा हादसा होने से बच गया, क्योंकि वार्ड 25 में पोल के पास एक दुकान के बाहर चार-पांच युवक बैठे थे। पोल गिरने से कोई चोटिल नहीं हुआ, जो एक बड़ी राहत की बात है, लेकिन अगर स्थिति थोड़ी भी अलग होती, तो गंभीर हादसा हो सकता था।
वहीं, बिजली विभाग के टेक्निकल कर्मचारी नरेन्द्र कुमार ने बताया कि शहर के कई बिजली के पोल पर डिश टीवी के केबल और वाईफाई की लाइनों का अत्यधिक बोझ है, जिसके चलते ये पोल कमजोर हो जाते हैं और आंधी-तूफान जैसी स्थितियों में गिरने का खतरा बढ़ जाता है। इस भार के कारण पोल पहले ही झुक चुके थे, और आंधी ने उन्हें गिरा दिया।

यह भी देखिए…

खास बातचीत : न्यायिक मजिस्ट्रेट, विधि अधिकारी बनने के इच्छुक युवा जरूर देखें यह इंटरव्यू