मरूदेश संस्थान द्वारा संतोष व्यास स्मृति सृजन सेवा सम्मान घोषित

0
411

सुजानगढ़ की पहली महिला आरजेएस यास्मीन खान को वर्ष 2020 का और समाजसेविका अलका चौधरी को 2021 का मिलेगा संतोष व्यास स्मृति सम्मान

सुजानगढ़। स्थानीय मरूदेश संस्थान द्वारा महिला शिक्षा के प्रति समर्पित पूर्व प्राचार्य संतोष व्यास की पुण्य स्मृति में स्थापित ” संतोष व्यास स्मृति सृजन सेवा सम्मान ” सोमवार को स्व. व्यास की छठी पुण्यतिथि पर घोषित किये गये। संस्थान के अध्यक्ष डॉ. घनश्याम नाथ कच्छावा ने बताया कि वर्ष 2020 का यह सम्मान सुजानगढ़ की पहली महिला राजस्थान न्यायिक सेवा में चयनित यास्मीन खान को दिया जायेगा।
सुजानगढ़ में जन्मी यास्मीन खान अभी सिविल जज और न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत हैं। उनके पति डॉ .आरिफ खान नेत्र सर्जन हैं। यास्मीन खान सुजानगढ के लब्ध प्रतिष्ठित एडवोकेट सुलेमान खान चौधरी की पुत्री और यासीन खान चौधरी की पौत्री हैं। मेघावी छात्रा रही यास्मीन एमएससी जैव प्रौद्योगिकी और एलएलबी में स्वर्ण पदक विजेता और एलएलएम स्वर्ण पदक विजेता व यूनिवर्सिटी टॉपर रही हैं। संस्थाध्यक्ष डॉ. घनश्याम नाथ कच्छावा ने बताया कि इसी प्रकार वर्ष 2021 का संतोष व्यास स्मृति सृजन सेवा सम्मान सुजानगढ़ की बेटी, शिक्षाविद, समाजसेविका और करमा बाई महिला संस्थान की संस्थापिका अलका चौधरी को उनकी उल्लेखनीय सामाजिक सेवाओं और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किये जा रहे उनके कार्यो की प्रशस्ति में दिया जायेगा। अलका चौधरी संतोष व्यास की विद्यार्थी और सेठिया कन्या महाविद्यालय छात्रा संघ की अध्यक्ष भी रही है। बाल मनोविज्ञान में एम.ए. ,एम.एड़. तक शिक्षित कुशल वक्ता अलका चौधरी पूर्व प्रधान चोखाराम चौधरी और वरिष्ठ शिक्षिका सुशीला चौधरी की सुपुत्री हैं और वर्तमान में बीकानेर रह रही हैं। सम्मान में अभिनंदन पत्र, प्रतीक चिन्ह, शाल, श्रीफल, साहित्य व ग्यारह हज़ार रुपये की राशि प्रदान की जायेगी। कोरोना काल के कारण विगत दो वर्ष से आयोजन नहीं हो पाये थे। अब निकट भविष्य में कोरोना एडवाइजरी के अनुसार भव्य समारोह मे यह पुरस्कार प्रदान किया जायेगा। ज्ञातव्य है कि संस्था द्वारा वर्ष 2016 में लेखिका वीणा चौहान, 2017 में डॉ. साधना जोशी प्रधान, 2018 में सुजानगढ की प्रथम महिला चिकित्सक डॉ. राजप्रभा पनगढ़िया और 2019 में जनसम्पर्क विभाग की संयुक्त निदेशक नर्बदा इंदौरिया को दिया गया था। राष्ट्रीय बालिका दिवस और संतोष व्यास की छठी पुण्यतिथि पर घोषित इन पुरस्कारों की चयन समिति में संस्थान के सचिव कमल नयन तोषनीवाल, संयोजक किशोर सैन, सुमनेश शर्मा , रतन सैन ,राजेंद्र कुमार दुबे, पूनमचंद सारस्वत, माया सामरिया आदि शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here