उपचुनाव में पार्टी की हार की ली नैतिक जिम्मेदारी
चूरू । सुजानगढ़ विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की करारी हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष यशोदा माटोलिया ने अपना इस्तीफा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियाँ व महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष को भेज दिया है। माटोलिया ने इस्तीफे में विधानसभा उपचुनाव व निकाए चुनाव में भाजपा की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए संगठन द्वारा उन पर जताये गये विश्वास के प्रति आभार प्रकट किया है। माटोलिया ने महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष के साथ ही भाजपा के चूरू जिला उपाध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है। माटोलिया ने वर्ष 2014 से महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष का पदभार सम्भाल रखा था। इसके साथ ही संगठन में महिला मोर्चा नगर मंत्री, महिला मोर्चा जिला मंत्री, दो बार भाजपा जिला उपाध्यक्ष, प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष के पद पर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर चुकी है।