सरकार लोगों के हितों की सुरक्षा करने की बजाय अपने हितों को साधने में लगी – चौधरी विनोद कुमार

0
375

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल डीजल के बढ़ते दामों के विरोध में पेट्रोल पम्प पर दिया धरना

हनुमानगढ़ । हिमांशु मिढ़ा । देश में बढ़ते पेट्रोल एवं डीजल के दामों को लेकर कांग्रेस विधायक चैधरी विनोद कुमार के नेतृत्व में शुक्रवार को जंक्शन कुमार पेट्रोल पम्प पर धरना प्रदर्शन कर विरोध दर्ज करवाया। इस मौके पर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विधायक चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि सरकार की नीति और नीयत जन विरोधी है। सरकार लोगों के हितों की सुरक्षा करने की बजाय अपने हितों को साधने में लगी है, जिसकी वजह से आज महंगाई चरम पर पहुंच चुकी है। पेट्रोल, डीजल व गैस के दामों ने पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। सरकार पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों पर लगाम लगाने की बजाय अपना पल्ला झाड़ रही है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक अध्यक्ष गुरमीत चन्दड़ा व महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के सहसंयोजक तरूण विजय ने कहा कि लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ देश में मोदी की सरकार बनाई थी। लोगों को उम्मीद थी कि भाजपा वादों के अनुरूप कार्य करेगी। सच में अच्छे दिन आएंगे, लेकिन सरकार बनने के बाद धरातल पर भाजपा नेताओं के भाषणों के विपरीत कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज महंगाई दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। देश में कानून व्यवस्था भी चैपट हो गई है। सरकारी नौकरियां भी युवाओं के लिए सपना बन गई हैं। देश में बेरोजगार युवाओं की फौज खड़ी हो गई है। सरकार की नीतियों के कारण किसान बर्बादी के कगार पर पहुंच गया है। सरकार की तरफ से पूंजीपति मित्रों को फायदा पहुंचाने के लिए नए कृषि कानून थोपे जा रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने हमेशा गरीबों का साथ दिया है लेकिन देश की सरकार द्वारा आम नागरिकों को कोई राहत नहीं देते हुए रोजाना महंगाई बढ़ती जा रही है। नगरपरिषद निर्माण समिति अध्यक्ष सुमित रिणवां व पंचायत समिति पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़ ने बताया केंद्र सरकार सिर्फ लोगों को झूठ बोलने के अलावा और कोई काम नहीं कर रही है। बड़ी-बड़ी बातें कर सरकार में आने के बाद भी आम नागरिक और जनता की सुविधाओं का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। महंगाई और बढ़ते पेट्रोल डीजल के दाम पर सरकार का कोई अंकुश नहीं होने के कारण आम नागरिक और गरीब व्यक्ति भी इस परेशानी से त्रस्त है। कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने करीब साढे तीन घंटे तक पेट्रोल पंप पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर मनीष धारणिया, मुस्ताक मोहम्मद, इशाक खान, भुपेन्द्र चौधरी, पार्षद मनोज सैनी, बलराज सतीपुरा, रामस्वरूप भाटी, संदीप गाट, पार्षद नंदु गुर्जर, पार्षद अब्दुल हाफिज, रमन गर्ग, पार्षद निरंजन नायक, पार्षद विकास रांगेरा, अनिल तिवाड़ी, जगदीप विक्की बराड़ सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here