झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
संविधान दिवस के अवसर पर गुरूवार को जिला परिषद में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने अधिकारियों एवं कार्मिकों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाते हुए संविधान के प्रति निष्ठा रखने तथा उसके मूल आदर्शों और सिद्धांतों के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।
इस दौरान अधिकारियों एवं कार्मिकों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने, संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के मूल्यों को आत्मसात करने तथा संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
साथ ही अपने राजकीय दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम में झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर सहित जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामनिवास, झुंझुनूं एसडीएम रामकरण सिंह तथा पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी क्रम में जिलेभर के राजकीय कार्यालयों में भी संविधान दिवस मनाया गया।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन कर संवैधानिक मूल्यों की रक्षा, लोकतांत्रिक परंपराओं के सम्मान और अपने कर्तव्यों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ ली।
















