रात 10 से 10:15 बजे तक रहेगा ब्लैक आउट, जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने नागरिकों से घबराने नहीं और ब्लैक आउट ड्रिल में सहयोग करने की अपील की
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
नागरिक सुरक्षा तैयारियों को संस्थागत रूप देने एवं आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव और सुरक्षा व्यवस्थाओं की प्रभावी कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से 27 नवंबर को जिला मुख्यालय पर हवाई हमले से संबंधित मॉक अभ्यास आयोजित किया जाएगा।
जिला कलक्टर एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के नियंत्रक डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि मॉक अभ्यास के दौरान जिला मुख्यालय के विभिन्न स्थानों पर सायरन बजाए जाएंगे। इसके साथ ही रात्रि 10 बजे से 10:15 बजे तक जिला मुख्यालय पर ब्लैक आउट ड्रिल आयोजित की जाएगी। उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि मॉक अभ्यास के दौरान सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं तथा इसे नागरिक सुरक्षा अभ्यास के रूप में लें।
जिला मुख्यालय पर निवासरत नागरिक 27 नवंबर को रात 10 बजे से 10:15 बजे तक अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों की सभी लाइटें तथा अन्य रोशनी के उपकरण बंद रखकर, अतिआवश्यक सेवाओं को छोड़कर, ब्लैक आउट ड्रिल में सहयोग करें। उन्होंने आमजन से इस मॉक अभ्यास को सफल बनाने एवं नागरिक सुरक्षा तैयारियों को मजबूत करने में सहयोग की अपील की है।
















