Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं चिराना में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी दो साल बाद...

चिराना में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने वाला आरोपी दो साल बाद गिरफ्तार

चिराना गांव में मनोज कुमार कल्याण पर फायरिंग के मामले में दो साल से फरार आरोपी किशाल उर्फ विशाल को गोठड़ा पुलिस ने फरीदाबाद से गिरफ्तार किया।

बुक डिपो पर मनोज कुमार कल्याण को बनाया था निशाना , वारदात के बाद से चल रहा था फरार , गोठड़ा पुलिस ने फरीदाबाद से दबोचा


गोठड़ा। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले के गोठड़ा थाना क्षेत्र के चिराना गांव में फायरिंग कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तकनीकी सहायता और आसूचना संकलन के जरिए आरोपी किशाल उर्फ विशाल को हरियाणा के फरीदाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी 8 फरवरी 2024 को हुई वारदात के बाद से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब आरोपी से मामले को लेकर गहन अनुसंधान कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 8 फरवरी 2024 को परिवादी मनोज कुमार कल्याण ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि शाम करीब 8 बजे वह अपने भतीजे के बुक डिपो पर बैठा हुआ था। इसी दौरान किशाल और मोहित वहां पहुंचे तथा उसके साथ बहस करने लगे। इसी दौरान किशाल ने मनोज कुमार पर फायरिंग कर जानलेवा हमला कर दिया। घटना की रिपोर्ट पर गोठड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया था।

दो साल तक तलाश , तकनीकी सहायता से आरोपी तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में गोठड़ा थानाधिकारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने प्रकरण में अनुसंधान के दौरान तकनीकी सहायता और आसूचना संकलन के आधार पर आरोपी की तलाश जारी रखी। आखिरकार पुलिस ने एफआईआर में नामजद एवं घटना में शामिल आरोपी किशाल उर्फ विशाल को फरीदाबाद से दस्तयाब कर अनुसंधान के बाद गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी किशाल उर्फ विशाल (24) पुत्र बल्लूराम निवासी वार्ड नंबर 19 , गढ़ बालाजी के पास, चिराना, थाना गोठड़ा है। वह वर्तमान में राहुल कॉलोनी, फरीदाबाद (हरियाणा) में रह रहा था। पुलिस आरोपी से प्रकरण के संबंध में पूछताछ कर रही है तथा अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली विशेष टीम में राकेश कुमार सहायक उपनिरीक्षक, रोहिताश हेड कांस्टेबल , जितेन्द्र थाकन हेड कांस्टेबल साइबर सेल झुंझुनूं, राजेश कुमार कांस्टेबल और सरदारमल कांस्टेबल पुलिस थाना गोठड़ा शामिल रहे।

Advertisement