Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं शोकसभा में शामिल होने जा रहे दो परिवारों की खुशियां मातम में...

शोकसभा में शामिल होने जा रहे दो परिवारों की खुशियां मातम में बदलीं , रास्ते में मौत ने रोका सफर

भालोठ गांव के पास पचेरी-महेंद्रगढ़ सड़क पर दो पिकअप गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।

पचेरी-महेंद्रगढ़ सड़क पर दो पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत, 15 से 20 घायल , दोनों वाहनों में सवार थे करीब 40 लोग, भालोठ के पास भीषण हादसे से मची चीख-पुकार, एक बुजुर्ग ने मौके पर तो दूसरी महिला ने अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम , एंबुलेंस का टायर पंचर होने से राहत कार्य में आई बाधा, तीन एंबुलेंस और ग्रामीणों के निजी वाहनों से घायलों को पहुंचाया अस्पताल


 

पचेरी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
अपनों के निधन पर शोक जताने और दुख की घड़ी में परिवारों को ढांढस बंधाने घर से निकले दो परिवारों को रास्ते में ही ऐसा हादसा झेलना पड़ा, जिसने कई घरों में एक साथ मातम पसरा दिया। राजस्थान-हरियाणा सीमा के पास पचेरी कलां थाना क्षेत्र के भालोठ गांव की पो की ढाणी के नजदीक गुरूवार सुबह करीब 9:35 बजे पचेरी-महेंद्रगढ़ सड़क पर दो पिकअप गाड़ियों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 से 20 लोग घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, दोनों पिकअप में करीब 20-20 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क पर घायल पड़े लोगों को देखकर ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।भालोठ गांव के पास पचेरी-महेंद्रगढ़ सड़क पर दो पिकअप गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।

एक पिकअप महेंद्रगढ़ से घसेड़ा, दूसरी निहालोठ से दुलोठ जा रही थी

पचेरी कलां थाने के एएसआई शीशराम के अनुसार, दोनों पिकअप में सवार लोग अपने रिश्तेदारों के निधन पर आयोजित शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे। एक पिकअप में सवार लोग हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के सेहलंग गांव से बुहाना क्षेत्र के घसेड़ा गांव में जगदेव के घर शोकसभा में शामिल होने जा रहे थे। वहीं, दूसरी पिकअप में सवार लोग निहालोठ गांव से महेंद्रगढ़ के दुलोठ गांव जा रहे थे। दोनों परिवारों का सफर भालोठ गांव के पास दर्दनाक हादसे में बदल गया। आमने-सामने हुई टक्कर में कई लोग घायल हो गए।

सुभाष यादव ने मौके पर तो रामप्यारी ने रास्ते में तोड़ा दम

हादसे में निहालोठ निवासी 65 वर्षीय सुभाष यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सेहलंग निवासी रामप्यारी पत्नी दुलीचंद ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। एक ही हादसे में दो परिवारों के सदस्यों की मौत की खबर से परिजनों में शोक छा गया। घायलों को बुहाना के राजकीय अस्पताल और हरियाणा के महेंद्रगढ़ स्थित अस्पतालों में पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया।भालोठ गांव के पास पचेरी-महेंद्रगढ़ सड़क पर दो पिकअप गाड़ियों की आमने-सामने भिड़ंत के बाद क्षतिग्रस्त वाहन।

एंबुलेंस का टायर पंचर, ग्रामीणों ने निजी वाहनों से अस्पताल पहुंचाए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को संभालने में जुट गए। राहत कार्य के दौरान उस समय परेशानी खड़ी हो गई, जब घायलों को लेकर पहुंची पहली एंबुलेंस का टायर पंचर हो गया। इसके बाद सिंघाना और सूरजगढ़ से अतिरिक्त एंबुलेंस बुलवाई गईं। तीन एंबुलेंस के साथ ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों से भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। ग्रामीणों की तत्परता से घायलों को जल्द से जल्द उपचार के लिए रवाना किया गया।

पुलिस ने क्रेन से हटवाए क्षतिग्रस्त वाहन, यातायात करवाया सुचारू

हादसे की सूचना पर पचेरी कलां थाना पुलिस और हरियाणा के महेंद्रगढ़ थाना क्षेत्र की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटनास्थल के नजदीक पुलिस चौकी होने के बावजूद पुलिस टीम को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगा। पुलिस ने क्रेन और ग्रामीणों की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू करवाया। वहीं, अस्पतालों में भर्ती घायलों के परिजनों को पुलिसकर्मी फोन के माध्यम से हादसे की सूचना देते रहे। खबर लिखे जाने तक हादसे में दो लोगों की मौत और करीब 15 से 20 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी। घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार जारी था। हादसे के बाद दोनों राज्यों के सीमावर्ती क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल रहा।

Advertisement