Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं चुनावी रंजिश में हुए खूनी संघर्ष पर पुलिस का बड़ा एक्शन ,...

चुनावी रंजिश में हुए खूनी संघर्ष पर पुलिस का बड़ा एक्शन , जग्गी हत्याकांड में चार गिरफ्तार , जानलेवा हमले का आरोपी भी दबोचा

देलसर कलां हिंसा और जग्गी हत्याकांड प्रकरण में गिरफ्तार पांच आरोपियों के खिलाफ नवलगढ़ पुलिस की कार्रवाई, कैंपर और बोलेरो सहित चार वाहन जब्त

देलसर कलां हिंसा प्रकरण में पांच आरोपी गिरफ्तार, कैंपर-बोलेरो सहित चार वाहन जब्त , अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस


नवलगढ़ । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
ग्राम देलसर कलां में चुनावी रंजिश को लेकर 4 नवंबर की रात हुए हिंसक घटनाक्रम में नवलगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जगदीप सिंह उर्फ जग्गी हत्याकांड में चार नामजद आरोपी शामिल हैं, जबकि दूसरे प्रकरण में जानलेवा हमला करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटनाक्रम में प्रयुक्त कैंपर और बोलेरो सहित कुल चार वाहन जब्त किए हैं। इस कार्रवाई से चुनावी रंजिश के चलते हुए हिंसक घटनाक्रम में शामिल आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है।

झुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गईं। नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह , मुकुंदगढ़ थानाधिकारी गोपाल सिंह एवं जिला विशेष टीम प्रभारी हेमराज मीणा (उपनिरीक्षक) के नेतृत्व में नवलगढ़ थाना, मुकुंदगढ़ थाना एवं जिला विशेष टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने प्रकरणों में नामजद आरोपियों की तलाश में विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।

साथ ही गोपनीय सूचनाएं एकत्रित कर तकनीकी सहायता से घटनाक्रम में शामिल व्यक्तियों एवं वाहनों को चिह्नित किया। इसके आधार पर पंजाब के जिला होशियारपुर निवासी जगदीप सिंह उर्फ जग्गी पुत्र परमजीत सिंह की हत्या के प्रकरण में देलसर कलां निवासी विजय उर्फ कालू , रामनिवास , अतुल कुमार एवं रचित कुमार को गिरफ्तार किया गया। वहीं, इसी घटनाक्रम से जुड़े दूसरे प्रकरण में देलसर कलां पक्ष के व्यक्तियों पर जानलेवा हमला करने एवं वाहनों में तोड़फोड़ के आरोप में तोगड़ा कलां निवासी अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटनाक्रम में प्रयुक्त कैंपर और बोलेरो सहित चार वाहन जब्त किए हैं।

हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों में विजय उर्फ कालू पुत्र कुरड़ाराम (26 ), निवासी देलसर कलां। रामनिवास पुत्र भागचंद (50) , निवासी देलसर कलां। अतुल कुमार पुत्र सुभाष कुमार (30) , निवासी देलसर कलां। रचित कुमार पुत्र नेमीचंद (27), निवासी देलसर कलां शामिल हैं । वहीं जानलेवा हमले के प्रकरण में गिरफ्तार अजय कुमार पुत्र बहादुर सिंह (22) , निवासी तोगड़ा कलां, थाना मुकुंदगढ़, जिला झुंझुनूं शामिल है ।

पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ , अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। आरोपियों से घटनाक्रम में शामिल अन्य लोगों एवं बदमाशों तथा वारदात में प्रयुक्त वाहनों के संबंध में गहन पूछताछ और अनुसंधान किया जा रहा है। पुलिस तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर शेष आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटनाक्रम में शामिल अन्य व्यक्तियों को भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।

Advertisement