बच्चों को मिठाई वितरित कर पेश की मानवता की मिसाल, सिंघाना में झुग्गी-झोपड़ियों तक पहुंची सेवा और संवेदनशीलता की रोशनी, संस्था की पहल की हुई सराहना


सिंघाना ।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं , बल्कि समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के साथ खुशियां साझा करने और मानवीय संवेदनाओं को जीवंत करने का भी अवसर है। इसी भावना को साकार करते हुए सिंघाना में लोक सेवा ज्ञान मंदिर संस्था की ओर से सराहनीय सामाजिक पहल की गई। संस्था के सदस्यों ने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर दीपावली का पर्व मनाया और बच्चों को मिठाई के डिब्बे वितरित कर उनके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी। मिठाई पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और उनके परिवारों में भी त्योहार की खुशियां देखने को मिलीं। इस मानवीय पहल पर महिलाओं एवं बच्चों ने संस्था के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए उनके सेवा कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ठेकेदार महावीर यादव तथा विशिष्ट अतिथि प्रमोद रहे। संस्था प्रभारी नरेंद्र स्वामी ने बताया कि लोक सेवा ज्ञान मंदिर का मुख्य उद्देश्य समाज के जरूरतमंद, वंचित एवं असहाय वर्ग को भी त्योहारों की खुशियों में सहभागी बनाना है। संस्था का प्रयास रहता है कि कोई भी परिवार आर्थिक अभाव के कारण त्योहार की खुशियों से वंचित न रहे और प्रत्येक जरूरतमंद के जीवन में खुशियों का उजियारा पहुंचे। उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से प्रतिवर्ष दीपावली एवं होली का पर्व झुग्गी-झोपड़ियों में निवास करने वाले परिवारों के साथ मनाया जाता है। इसके साथ ही संस्था सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है।
सामाजिक सरोकारों के तहत संस्था द्वारा सर्दी के मौसम में जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए जाते हैं, वहीं बरसात के मौसम में जरूरतमंद परिवारों तक भोजन पहुंचाकर उनकी सहायता की जाती है। संस्था के इन सेवा कार्यों का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता, सहयोग और अपनत्व पहुंचाना है। संस्था की इस पहल ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की असली खुशी तभी सार्थक होती है, जब समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में भी खुशियों का दीप प्रज्वलित हो।
















