Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बीडीके अस्पताल की व्यवस्थाओं से प्रभावित हुए संयुक्त निदेशक डॉ. यदूराज सिंह

बीडीके अस्पताल की व्यवस्थाओं से प्रभावित हुए संयुक्त निदेशक डॉ. यदूराज सिंह

एमसीएच विंग, लू-तापघात वार्ड व मातृ-शिशु सेवाओं की सराहना, भामाशाहों के सहयोग से लगे 21 जंबो कूलरों को बताया प्रेरणादायी पहल

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले के सबसे बड़े राजकीय बीडीके अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं ने जयपुर संभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. यदूराज सिंह को काफी प्रभावित किया। अस्पताल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने एमसीएच विंग, रामाश्रय वार्ड, लू-तापघात वार्ड सहित विभिन्न विभागों का जायजा लिया तथा व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। निरीक्षण के दौरान डॉ. यदूराज सिंह ने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन 2500 से 3000 मरीजों की ओपीडी होना यहां दी जा रही गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं का प्रमाण है। उन्होंने अस्पताल में भामाशाहों के सहयोग से लगाए गए 21 जंबो कूलरों के माध्यम से मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी से राहत पहुंचाने की पहल को अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी बताया।

प्रसूताओं से लिया फीडबैक, सुविधाओं की मिली सराहना

संयुक्त निदेशक ने अस्पताल में भर्ती प्रसूताओं से सीधे संवाद कर चिकित्सा सेवाओं का फीडबैक लिया। सूरजगढ़ निवासी प्रसूता विमला ने बताया कि बीडीके अस्पताल में सामान्य, जटिल एवं सिजेरियन प्रसव की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध है। इसके साथ ही ब्लड बैंक, प्लेटलेट्स की उपलब्धता तथा नवजात शिशुओं के लिए आईसीयू जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का लाभ भी मरीजों को मिल रहा है, जिससे उपचार प्रक्रिया अधिक सुगम हुई है।

लू-तापघात से बचाव में झुंझुनूं बना मॉडल

डॉ. यदूराज सिंह ने लू-तापघात वार्ड का निरीक्षण कर आमजन में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पीएमओ एवं वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जितेंद्र भाम्बू ने बताया कि अस्पताल में लू-तापघात से बचाव और उपचार को लेकर नियमित मॉक ड्रिल तथा जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि जिले में पिछले पांच वर्षों के दौरान लू-तापघात से एक भी मृत्यु दर्ज नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में प्रतिमाह 400 से 500 प्रसव तथा 100 से 150 नवजात शिशुओं को उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जो जिले की मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती को दर्शाता है।

ऑक्सीजन प्लांट और ‘मा योजना’ की समीक्षा पर दिया जोर

निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट का भी अवलोकन किया और उसे एकांतर रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मा योजना की नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित करने, अधिकाधिक पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाने तथा टीआईडी उत्पत्ति और शैय्या उपयोगिता को 50 प्रतिशत से अधिक करने के निर्देश भी दिए। डॉ. यदूराज सिंह ने कहा कि राज्यभर में ओडीके ऐप के माध्यम से निरीक्षण रिपोर्टिंग व्यवस्था लागू होने से चिकित्सा सेवाओं की निगरानी और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इससे आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं पहले की तुलना में अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी रूप से उपलब्ध हो रही हैं। निरीक्षण के दौरान आरएमओ डॉ. सिद्धार्थ शर्मा, फिजिशियन डॉ. महेंद्र सानेल, डॉ. संदीप नेमीवाल, डॉ. नावेद अख्तर, डॉ. राकेश कुमार, नर्सिंग अधीक्षक ओमप्रकाश, सुरेश मील, किरण एवं सरिता सहित अस्पताल का चिकित्सा एवं नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहा।

Advertisement