Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर मिठाई कारोबारियों पर शिकंजा , 27...

मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर मिठाई कारोबारियों पर शिकंजा , 27 हजार रूपए का जुर्माना

झुंझुनूं जिले में मिठाई प्रतिष्ठानों पर पैकिंग और तौल नियमों की जांच करती विधिक माप विज्ञान विभाग की टीम

डिब्बे सहित तौलकर मिठाई बेचने और पैकिंग नियमों की अनदेखी पर विभाग की कार्रवाई , बड़ागांव के हरी मिष्ठान भंडार पर लगा 15 हजार का जुर्माना

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
दीपावली पर मिठाई खरीदने वाले उपभोक्ताओं को तौल में गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं से बचाने के लिए राज्य सरकार ने सख्ती दिखाई है। खाद्य एवं उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर विधिक माप विज्ञान विभाग ने जिलेभर में मिठाई प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 27 हजार रूपए का जुर्माना वसूला गया।

मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशों की पालना में विभागीय टीम ने जिले के विभिन्न मिठाई प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पैक्ड मिठाइयों एवं अन्य वस्तुओं पर आवश्यक घोषणाओं, निर्माण तिथि, एक्सपायरी डेट, पैकर पंजीयन तथा तौल उपकरणों की वैधता और सत्यापन की जांच की गई। निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों पर नियमों की अनदेखी सामने आई।।विधिक माप अधिकारी प्रेरणा शर्मा ने बताया कि बड़ागांव स्थित हरी मिष्ठान भंडार के निरीक्षण में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

प्रतिष्ठान पर बड़ी मात्रा में ऐसी पैक्ड मिठाइयां बेची जा रही थीं, जिन पर निर्माण तिथि एवं एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी। पैकिंग सामग्री पर भी आवश्यक घोषणाएं नहीं थीं। इसके अलावा बिना सत्यापन के तौल उपकरणों का उपयोग किया जा रहा था तथा पैकिंग कार्य के बावजूद पैकर पंजीयन भी नहीं पाया गया। इन अनियमितताओं पर विभाग ने प्रतिष्ठान के विरुद्ध 15 हजार रूपए का जुर्माना लगाया। अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की गई।

इस तरह अभियान में कुल 27 हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया । विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि दीपावली पर मिठाई खरीदते समय वजन को लेकर विशेष सतर्कता बरतें। मिठाई का वजन डिब्बे सहित नहीं करवाएं, बल्कि मिठाई और डिब्बे का वजन अलग-अलग करवाना सुनिश्चित करें। इससे उपभोक्ताओं को मिठाई की वास्तविक मात्रा मिलेगी और डिब्बे के वजन का भुगतान मिठाई के भाव से नहीं करना पड़ेगा।

विभाग ने सभी व्यापारियों को विधिक माप विज्ञान अधिनियम एवं संबंधित नियमों की पालना करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरूद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। मंत्री सुमित गोदारा के निर्देशों के अनुरूप विभाग आगामी दिनों में भी जिलेभर में औचक निरीक्षण अभियान चलाकर अनियमितताओं पर कार्रवाई करेगा।

Advertisement