Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं चंचलनाथ टीले पर 20 अक्टूबर को उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब , विशाल...

चंचलनाथ टीले पर 20 अक्टूबर को उमड़ेगा श्रद्धालुओं का सैलाब , विशाल भंडारे के साथ गूंजेंगे भक्ति के स्वर

ब्रह्मलीन संत शिवनाथ महाराज की 74वीं पुण्यतिथि पर दो दिवसीय शिव महोत्सव , शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति , कन्या पूजन और विराट भजन संध्या होगी आकर्षण का केंद्र

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर के प्रसिद्ध चंचलनाथ टीले पर ब्रह्मलीन संत शिवनाथ महाराज की 74वीं पुण्यतिथि के अवसर पर 20 और 21 अक्टूबर को दो दिवसीय शिव महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पीठाधीश्वर ओमनाथ महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में धार्मिक अनुष्ठानों, शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति, कन्या पूजन, साधु-संतों के सम्मान और विशाल भंडारे सहित अनेक कार्यक्रम होंगे। महोत्सव के दौरान भजन संध्या में शेखावाटी के प्रसिद्ध साधु-संतों और स्थानीय भजन कलाकारों की प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगी। टीले के संत विचारनाथ महाराज एवं मुख्य यजमान अमरनाथ जांगिड़ ने बताया कि टीले की पांचवीं पीढ़ी के ब्रह्मलीन संत शिवनाथ महाराज की पुण्यतिथि पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। धार्मिक अनुष्ठानों एवं कार्यक्रमों का संयोजन नीरज जांगिड़ और दीपक जांगिड़ के संयोजन में किया जा रहा है।
महोत्सव के प्रथम दिन 20 अक्टूबर को सुबह 9 बजे समाधि स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाएगी। इसके पश्चात शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। कन्या पूजन एवं भोजन के बाद साधु-संतों के लिए भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान साधु-संतों का मान-सम्मान कर उन्हें मान-भेंट के साथ विदाई दी जाएगी। पुण्यतिथि के अवसर पर आम श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12:30 बजे से रात 9 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। टीले पर दिनभर धार्मिक माहौल रहेगा तथा श्रद्धालु संत शिवनाथ महाराज की समाधि पर धोक लगाकर सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। 20 अक्टूबर की रात 9 बजे से विराट भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें शेखावाटी क्षेत्र के प्रसिद्ध साधु-संतों सहित स्थानीय भजन कलाकार भक्ति गीतों और भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। भजनों की स्वर लहरियों के बीच पूरा टीला परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर होगा। दो दिवसीय शिव महोत्सव का समापन 21 अक्टूबर को सुबह 10 बजे नगर भ्रमण के पश्चात मूर्ति विसर्जन के साथ होगा। महोत्सव को लेकर चंचलनाथ टीले पर विशेष सजावट की गई है। समाधि स्थलों सहित पूरे टीला परिसर को रंग-बिरंगी आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। वहीं, बंगाल के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा ताजे फूलों से की गई विशेष सजावट परिसर की शोभा बढ़ा रही है। संत शिवनाथ महाराज की 74वीं पुण्यतिथि पर आयोजित यह महोत्सव श्रद्धालुओं के लिए आस्था, सेवा और भक्ति का विशेष अवसर बनेगा। धार्मिक अनुष्ठानों, संतों के सम्मान, विशाल भंडारे और भजन संध्या के माध्यम से चंचलनाथ टीला दो दिनों तक शिवभक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में रंगा नजर आएगा।

Advertisement