Advertisement
Home राजस्थान पाली कलयुगी बेटे ने ग्राइंडर से काटा पिता का गला, कार के पैसों...

कलयुगी बेटे ने ग्राइंडर से काटा पिता का गला, कार के पैसों को लेकर विवाद

महाराष्ट्र के पालघर में देसूरी निवासी मोहनलाल परमार की हत्या और आरोपी बेटे मुकेश परमार की गिरफ्तारी से जुड़ा समाचार

महाराष्ट्र के पालघर में वारदात, देसूरी निवासी 59 वर्षीय पिता की हत्या कर आरोपी बेटा फरार; गुजरात के भरूच से गिरफ्तार

देसूरी।पाली। प्रहलाद सिंह चारण
महाराष्ट्र के पालघर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसका संबंध राजस्थान के पाली जिले के देसूरी से है। कार खरीदने के लिए पैसे देने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय बेटे ने कथित तौर पर इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से अपने 59 वर्षीय पिता की गला काटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, जिसे पुलिस ने कुछ ही घंटों में गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया।

कार के पैसों को लेकर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, घटना रविवार शाम करीब 5 बजे महाराष्ट्र के पालघर पूर्व स्थित नवली रामनगर इलाके के एक फ्लैट में हुई। आरोपी की पहचान मुकेश परमार के रूप में हुई है, जबकि मृतक का नाम मोहनलाल परमार बताया गया है।मोहनलाल मुंबई के दादर इलाके में बर्तनों की दुकान चलाते थे और मूल रूप से पाली जिले के देसूरी के निवासी थे। पिता और बेटा पालघर में एक साथ रहते थे, जबकि मोहनलाल की पत्नी अपने पैतृक गांव गई हुई थीं।पुलिस के अनुसार, कार खरीदने के लिए पैसे देने की बात पर पिता-पुत्र के बीच विवाद हुआ। इसके बाद मुकेश घर से निकल गया और हार्डवेयर की दुकान से टाइल काटने वाली इलेक्ट्रिक ग्राइंडर मशीन खरीदकर ले आया।

घर लौटकर की पिता की हत्या

पुलिस के मुताबिक, आरोपी घर लौटा और कथित तौर पर उसी ग्राइंडर मशीन से अपने पिता पर हमला कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।इधर, रिश्तेदारों ने जब मोहनलाल को फोन किया और संपर्क नहीं हो पाया, तो उन्होंने एक परिचित को फ्लैट पर भेजा। वहां मोहनलाल का शव मिलने पर घटना का पता चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

गुजरात के भरूच से आरोपी गिरफ्तार

सूचना मिलने पर पालघर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए कार्रवाई की और कुछ ही घंटों में उसे गुजरात के भरूच से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। कार खरीदने के पैसों को लेकर हुए विवाद और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

Advertisement