26 अक्टूबर तक चलेगा भव्य मेला , हर रात होगी विशाल भजन संध्या , अखंड ज्योत, अखंड रामायण पाठ और फूलों से होगा बालाजी महाराज का भव्य शृंगार

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
झुंझुनूं के प्रसिद्ध सीतसर बालाजी धाम मंदिर में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर 24 से 26 अक्टूबर तक तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव एवं भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। मंदिर के महंत पुष्कर लाल पारीक के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में तीन दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों, भजन-कीर्तन और सेवा गतिविधियों के साथ श्रद्धा एवं भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
मंदिर समिति के अध्यक्ष पीएल शर्मा, सचिव सुरेश शर्मा एवं इंजीनियर रवि पारीक ने संयुक्त रूप से बताया कि महोत्सव के दौरान प्रतिदिन रात्रि में विशाल भजन संध्या का आयोजन होगा। इसमें भजनों के माध्यम से बालाजी महाराज की महिमा का गुणगान किया जाएगा। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे की व्यवस्था भी रहेगी, जिसमें भक्त प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। महोत्सव के दौरान मंदिर में अखंड ज्योत प्रज्वलित की जाएगी तथा अखंड रामायण पाठ का आयोजन होगा।
इस अवसर पर बालाजी महाराज, संत सावलराम गुरूजी की प्रतिमा, रामदरबार एवं शिवालय का रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से विशेष एवं भव्य शृंगार किया जाएगा। साथ ही संपूर्ण मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जाएगा, जिससे धाम की छटा देखते ही बनेगी। महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति की ओर से आवागमन की विशेष व्यवस्था की गई है।
मंदिर में दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को स्थानीय शाहों के कुएं के पास से निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को धाम तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। तीन दिवसीय शरद पूर्णिमा महोत्सव के दौरान धार्मिक आयोजनों, भजन संध्याओं, फूलों से सजे मंदिर और विशाल भंडारे के माध्यम से सीतसर बालाजी धाम में भक्तिमय माहौल रहेगा। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर बालाजी महाराज के दर्शन करने तथा धार्मिक आयोजनों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया है।












