Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं राज्य रैंकिंग में झुंझुनूं के शानदार प्रदर्शन पर शिक्षा अधिकारियों को मिली...

राज्य रैंकिंग में झुंझुनूं के शानदार प्रदर्शन पर शिक्षा अधिकारियों को मिली शाबाशी

झुंझुनूं में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक

मासिक समीक्षा बैठक में शिक्षा व्यवस्था की प्रगति पर मंथन , अर्द्धवार्षिक परीक्षा की तैयारी से लेकर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तक दिए आवश्यक निर्देश

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक में जिले की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, सरकारी योजनाओं की प्रगति और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा कर शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार पर जोर दिया गया। मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले के समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (सीबीईओ), जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक एवं प्रारंभिक, अतिरिक्त परियोजना निदेशक तथा डाइट प्रधानाचार्य ने भाग लिया।झुंझुनूं में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक

बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में शाला दर्पण रैंकिंग, पीएम श्री विद्यालय, व्यावसायिक शिक्षा संचालित विद्यालय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, स्वच्छ एवं हरित विद्यालय, विकसित भारत अभियान से जुड़ी गतिविधियों की प्रविष्टि तथा अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही माई भारत पोर्टल पर युवाओं का पंजीकरण, खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं की तैयारियां, मतदान बूथों पर आवश्यक व्यवस्थाएं तथा संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी मार्गदर्शन दिया गया।

बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक राजेंद्र सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक दुर्गा तथा डाइट प्रधानाचार्या सुमित्रा ने संबंधित अधिकारियों को विभिन्न विभागीय कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि शैक्षणिक गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता बरतते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। बैठक का प्रमुख उद्देश्य जिले की शिक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, विभागीय योजनाओं की प्रगति का आकलन करना तथा शैक्षणिक उपलब्धियों को निरंतर बेहतर बनाए रखना रहा।

अशोक कुमार शर्मा ने की सभी ब्लॉकों के प्रदर्शन की सराहना

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने राज्य रैंकिंग में झुंझुनूं जिले की लगातार अच्छी उपलब्धि पर सभी अधिकारियों एवं कार्मिकों को बधाई दी। उन्होंने अलसीसर के नेतृत्व में जिले के सभी ब्लॉकों के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए इस उपलब्धि में योगदान देने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों का आभार व्यक्त किया। शर्मा ने कहा कि जिले की इस उपलब्धि को बनाए रखने के लिए निरंतर मेहनत, बेहतर समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने अक्टूबर माह में और अधिक परिश्रम करने का आह्वान करते हुए सभी अधिकारियों को आगामी कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।

बैठक का संचालन कपिल कुलहरी ने किया। वहीं एपीसी नरेश कुलहरी, पीओ सुरेंद्र सिंह तथा सहायक प्रशासनिक अधिकारी अनिल कुमार ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ जिले में शैक्षणिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

Advertisement