नाहरसिंघानी-कैरू मार्ग पर दबिश, अवैध देशी शराब बेचते 40 वर्षीय हेमसिंह गिरफ्तार
मुकुंदगढ़। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पंचायत आम चुनाव-2026 की आदर्श आचार संहिता के दौरान अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ मुकुंदगढ़ थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 89 पव्वे अवैध देशी शराब जब्त की है। पुलिस ने मौके से हेमसिंह पुत्र शेरसिंह (40), निवासी नाहरसिंघानी, थाना मुकुंदगढ़ को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेंद्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन, नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन तथा मुकुंदगढ़ थानाधिकारी गोपालसिंह थालोर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नाहरसिंघानी से कैरू जाने वाले रास्ते पर अवैध रूप से देशी शराब बेची जा रही है। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर हेमसिंह को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 89 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद हुए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में मुकुंदगढ़ थानाधिकारी गोपालसिंह थालोर, एएसआई कुलदीप सिंह, एएसआई सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल विकास कुमार , कांस्टेबल रवि कुमार तथा कांस्टेबल शिवप्रसाद शामिल रहे।










