महाविद्यालय पहुंचने पर खिलाड़ी छात्राओं का भव्य स्वागत , निदेशक प्यारेलाल ढूकिया व सचिव पीयूष ढूकिया ने किया सम्मानित
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
स्थानीय गणपति नगर स्थित न्यू राजस्थान बालिका पीजी महाविद्यालय की वॉलीबॉल टीम ने अंतर महाविद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता-2026 के महिला वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर के तत्वावधान में श्री राधेश्याम आर.आर. मोरारका राजकीय महाविद्यालय, नवलगढ़ में आयोजित प्रतियोगिता में टीम ने अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर महाविद्यालय का नाम रोशन किया।
टीम की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था निदेशक इंजीनियर प्यारेलाल ढूकिया एवं संस्था सचिव इंजीनियर पीयूष ढूकिया ने खिलाड़ी छात्राओं का सम्मान कर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
संस्था निदेशक इंजीनियर प्यारेलाल ढूकिया ने कहा कि खेल हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग हैं। खेलों से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, एकता और टीम भावना जैसे गुणों का विकास होता है। खेल विद्यार्थियों को संघर्ष, सहयोग और निरंतर प्रयास के माध्यम से सफलता हासिल करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने टीम की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
संस्था सचिव इंजीनियर पीयूष ढूकिया ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ी छात्राओं को भविष्य में भी इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने तथा नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर संस्था संरक्षिका विनोद ढूकिया, महाविद्यालय उपप्राचार्या पिंकेश, शारीरिक शिक्षक नीलम एवं प्रहलाद सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे। सभी ने वॉलीबॉल टीम की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए खिलाड़ी छात्राओं को बधाई दी।
न्यू राजस्थान बालिका महाविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया शिक्षक दिवस












