Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं मानसिक स्वास्थ्य के साथ नशामुक्त समाज का संकल्प , होमगार्ड जवानों ने...

मानसिक स्वास्थ्य के साथ नशामुक्त समाज का संकल्प , होमगार्ड जवानों ने ली शपथ

होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित , समय पर पहचान और विशेषज्ञ परामर्श को बताया जरूरी

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाने और नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से गुरूवार को कमांडेंट होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र , झुंझुनूं में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में होमगार्ड एवं पुलिस कार्मिकों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व, मानसिक समस्याओं की समय रहते पहचान तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लेने के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम ( एनएमएचपी ) झुंझुनूं के जिला नोडल अधिकारी ( डीएनओ ) डॉ. कपूर थलोर तथा एसआर साइकियाट्री डॉ. तुलसी शर्मा ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। कार्यक्रम के संचालन एवं समन्वय में एचसी मितेश शर्मा ने सहयोग किया। विशेषज्ञों ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के संपूर्ण स्वास्थ्य का अभिन्न हिस्सा है। मानसिक परेशानी को नजरअंदाज करने या उसे छिपाने के बजाय समय रहते उसकी पहचान कर उचित चिकित्सकीय एवं विशेषज्ञ सहायता लेना बेहद जरूरी है। जागरूकता और समय पर मिलने वाला सहयोग मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को गंभीर होने से रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यक्रम में इस बात पर भी जोर दिया गया कि समाज में ऐसा भेदभावमुक्त और सकारात्मक वातावरण बनाया जाए, जहां मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या से जूझ रहा व्यक्ति बिना किसी झिझक के अपनी बात रख सके और आवश्यकता होने पर उपचार एवं परामर्श प्राप्त कर सके। कार्यक्रम के दौरान ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान’ के तहत उपस्थित होमगार्ड एवं पुलिस कार्मिकों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ भी दिलाई गई। प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से ‘मन से मजबूत राजस्थान’, ‘मन्न दर्पण’, ‘राजममता’ और ‘नशामुक्त भारत’ जैसे अभियानों के संदेश को भी प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया गया।

Advertisement