सीएम भजनलाल शर्मा आज आएंगे मंड्रेला

विधायक राजेंद्र भांबू ने की कार्यकर्ताओं के साथ बैठक, लोगों में उत्साह, हजारों जाएंगे मंड्रेला

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटील के शनिवार को मंड्रेला में होने वाले दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में झुंझुनूं विधायक जनसुनवाई केंद्र में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच मुख्य अतिथि रहे। जबकि विधायक राजेंद्र भांबू ने बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में मुख्यमंत्री की सभा को सफल बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। उन्होंने बताया कि सभी मोर्चों पर तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने झुंझुनूं जिले की पेयजल और सिंचाई जल समस्या को दूर करने के लिए प्राथमिकता से काम शुरू किया है। उन्होंने बताया कि कुंभाराम नहर जल परियोजना का लाभ जिले की तीन विधानसभाओं पिलानी, सूरजगढ़ और उदयपुरवाटी को मिलेगा। इसके साथ ही झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र के कुछ गांवों को भी परियोजना से जोड़ा जाएगा। दाधीच ने बताया कि इस योजना के तहत 129 गांवों को पेयजल आपूर्ति से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को मंड्रेला में आयोजित सभा में जिले को पेयजल का बड़ा उपहार देने वाले हैं। जिससे पिलानी विधानसभा सहित आस-पास के क्षेत्रों की वर्षों पुरानी जल समस्या का समाधान होगा। बैठक में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस मौके पर जिला प्रमुख व भाजपा जिलाध्यक्ष हर्षिनी कुलहरि, भाजपा प्रदेश मंत्री विजेंद्र पूनियां, भाजपा राष्ट्रीय परिषद सदस्य विश्वंभर पूनियां, पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष पवन मावंडिया, जिला महामंत्री सरजीत चौधरी, बगड़ नगरपालिका अध्यक्ष गोविंदसिंह राठौड़, पूर्व सभापति खालिद हुसैन आदि मौजूद थे।

शहीद भगत सिंह विचार मंच के युवाओं का सम्मान | चूरू सूचना केंद्र कार्यक्रम | वीर तेजाजी विकास समिति

GST स्लैब में बदलाव: चूरू की जनता की राय | फायदा या नुकसान? जानिए सच्चाई | Ground Report