गांधी – शास्त्री जयंती पर कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग सहित जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने चलाया स्वच्छता अभियान , भामाशाहों के सहयोग से जीर्णोद्धार पर बनी सहमति
झुंझुनूं।अजीत जांगिड
गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को राणी सती रोड स्थित ऐतिहासिक तुलस्यान बावड़ी में स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता और विरासत संरक्षण का संदेश दिया गया। ‘स्वच्छ भारत अभियान’ के तहत जिला प्रशासन, नगर परिषद एवं पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग सहित जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, ट्रस्टियों एवं स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान किया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों ने बावड़ी परिसर में सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। ऐतिहासिक जल धरोहर के संरक्षण को लेकर भी चर्चा हुई। इस दौरान तुलस्यान चैरिटी ट्रस्ट के डॉ. डीएन तुलस्यान सहित ट्रस्टियों ने जिला प्रशासन के समक्ष बावड़ी के भव्य कायाकल्प एवं जीर्णोद्धार का प्रस्ताव रखा। ट्रस्टियों ने बताया कि प्रशासन एवं राज्य सरकार का सहयोग मिलने पर भामाशाहों के माध्यम से तुलस्यान बावड़ी का जीर्णोद्धार कराया जा सकता है। बावड़ी को उसके ऐतिहासिक स्वरूप के अनुरूप विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जाने की बात रखी गई। इस पर जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने जल्द बैठक आयोजित कर बावड़ी के पुनर्निर्माण एवं संरक्षण की रूपरेखा पर चर्चा करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में आकांक्षा मोदी उर्फ बावड़ी बाईसा, पूर्व जिला प्रमुख हर्षिनी कुलहरी , नगर परिषद सभापति अब्दुल्ला अगवान, उपसभापति वीरेंद्र डारा, पर्यटन विभाग के उप निदेशक देवेंद्र सिंह, पीआरओ हिमांशु सिंह सैनी सहित पार्षद, ट्रस्टी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम ने स्वच्छता के साथ झुंझुनूं की प्राचीन जल धरोहरों के संरक्षण का संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐतिहासिक बावड़ियां क्षेत्र की स्थापत्य, जल प्रबंधन एवं सांस्कृतिक विरासत की महत्वपूर्ण पहचान हैं। इनके संरक्षण के लिए प्रशासन, भामाशाहों और आमजन की सामूहिक भागीदारी जरूरी है।















