खेतड़ी स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी की बैठक में शिक्षा से वंचित बच्चों को हरसंभव मदद का संकल्प , सेवानिवृत्ति पर ओमप्रकाश किलानिया का सम्मान
खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड
आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बच्चे की पढ़ाई न रूके और जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके, इसके लिए समाज के सक्षम लोगों को आगे आकर सहयोग करना होगा। इसी उद्देश्य को लेकर खेतड़ी स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी की बैठक खेतड़ीनगर स्थित कापर क्लब में आयोजित हुई। बैठक में आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमप्रकाश किलानिया रहे, जबकि अध्यक्षता सुधा शर्मा ने की। मुख्य अतिथि किलानिया ने कहा कि आर्थिक परिस्थितियों के कारण कई प्रतिभावान बच्चे अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर पाते। ऐसे बच्चों की मदद करना केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने कहा कि पैसों की कमी के कारण कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहे, इसके लिए समाज के लोगों को आगे आकर सहयोग करना चाहिए।
किलानिया ने सोसायटी की ओर से जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग लगातार जारी रखने की बात कही। अध्यक्ष सुधा शर्मा ने बताया कि खेतड़ी स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी की ओर से सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले जरूरतमंद एवं गरीब बच्चों को पाठ्य सामग्री और स्कूल ड्रेस उपलब्ध कराई जा रही है।
संस्था का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने से रोकना है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर उन्हें बेहतर भविष्य की ओर बढ़ने का अवसर देना सोसायटी की प्राथमिकता है। बैठक के दौरान सेवानिवृत्त होने पर ओमप्रकाश किलानिया का सोसायटी की ओर से साफा पहनाकर एवं माला पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया गया। उपस्थित सदस्यों ने उनके योगदान की सराहना की।
इस मौके पर प्रधानाचार्य सुभाष चनेजा, अमरजीत मस्ताना, वासुदेव सिंह, हसरत हुसैन, समाजसेवी बबलू अवाना, मुकेश अग्रवाल, जीतू सोनी, संदीप मीणा, मोतीलाल, रमेश पांडे, नरेश कुमार, सतीश सोनी, सुरेश शर्मा, विपिन, जयंत सोनी, सतवीर, रमेश यादव, आलोक जैदिया, विमल शर्मा, ऊषा सैनी, राजश्री और पार्वती सहित अनेक लोग मौजूद रहे।















