Advertisement
Home राजस्थान पाली बारवा गांव में मादा लैपर्ड और शावक की दस्तक, वन विभाग ने...

बारवा गांव में मादा लैपर्ड और शावक की दस्तक, वन विभाग ने लगाया पिंजरा

बारवा गांव में मादा लैपर्ड और शावक की मौजूदगी के बाद वन विभाग द्वारा लगाया गया पिंजरा और निगरानी के लिए ट्रैप कैमरे

तीन-चार बेरों पर देखे जाने की मिली सूचना, निगरानी के लिए ट्रैप कैमरे लगाए; रेस्क्यू टीम सक्रिय

बाली। प्रहलाद सिंह चारण
क्षेत्र के बारवा गांव के आसपास मादा लैपर्ड और उसके शावक की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग और रेस्क्यू टीम सक्रिय हो गई है। वन विभाग ने लैपर्ड को सुरक्षित पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाया है। वहीं, उनकी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं।
रेस्क्यू टीम के गोविंद प्रजापत ने बताया कि पिछले कुछ समय से बारवा गांव के आसपास स्थित तीन-चार अलग-अलग बेरों पर मादा लैपर्ड और उसके शावक के आने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी। ललित सिंह राजपुरोहित के बेरा, नोकरा बेरा सहित अन्य स्थानों पर ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं, ताकि लैपर्ड की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

कपास के खेत में दिखाई दी मादा लैपर्ड

ललित सिंह राजपुरोहित ने बताया कि वह कपास के खेत में सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें शावक के साथ मादा लैपर्ड दिखाई दी। उन्होंने इसकी सूचना संबंधित लोगों को दी, जिसके बाद वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने मौके पर कार्रवाई शुरू की।

ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील

फिलहाल वन विभाग और रेस्क्यू टीम क्षेत्र में निगरानी रखते हुए लैपर्ड को सुरक्षित रेस्क्यू करने के प्रयास में जुटी हुई है। ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर नहीं जाने की अपील की जा रही है।

Advertisement