दो दिवसीय एरिया डोमिनेशन में 85 टीमों के 356 अधिकारी-कर्मियों ने की कार्रवाई , छह साल से फरार 5 हजार का इनामी घनश्याम भी दबोचा, 27. 50 टन बजरी और तीन वाहन जब्त
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, गैंगस्टरों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए झुंझुनूं पुलिस ने 29 व 30 सितंबर को दो दिवसीय एरिया डोमिनेशन अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की। अभियान में गठित 85 टीमों के 356 अधिकारी एवं कार्मिकों ने जिलेभर में 707 स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान विभिन्न मामलों में वांछित अपराधियों, वारंटियों सहित कुल 123 आरोपी – गैरसायलान गिरफ्तार किए गए।
पुलिस के अनुसार अभियान में महिला अत्याचार के प्रकरणों में फरार 2, जघन्य अपराधों में 3, सामान्य अपराधों में 4, गिरफ्तारी वारंट में 46, स्थायी वारंट-पीओ- 335 बीएनएस में 13, एक इनामी अपराधी, अवैध शराब व एनडीपीएस एक्ट के प्रकरणों में वांछित 4 तथा अन्य अधिनियमों में दर्ज प्रकरणों में वांछित 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं शांतिभंग के मामलों में 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
छह साल से फरार इनामी घनश्याम पुलिस के हत्थे चढ़ा
अभियान के दौरान पुलिस थाना सुलताना ने छह वर्षों से फरार चल रहे 299 सीआरपीसी में वांछित 5 हजार के इनामी आरोपी घनश्याम को गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी अभियान की प्रमुख सफलता रही। पुलिस थाना चिड़ावा ने साइबर ठगी के प्रकरण में वांछित अमित कुमार निवासी निजामपुरा, तन ओजटू को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की है।
अभियान के दौरान पुलिस ने आबकारी एक्ट के तहत चार प्रकरण दर्ज किए।कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध देशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ भी सख्ती दिखाई। अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बबाई थाना पुलिस ने दो और चिड़ावा थाना पुलिस ने एक प्रकरण दर्ज किया। कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 27.50 टन बजरी सहित तीन वाहन जब्त किए गए। इसके अलावा एनडीपीएस, आबकारी, आर्म्स एवं अवैध खनन के अतिरिक्त अन्य एक्ट में एक प्रकरण दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
महानिरीक्षक पुलिस जयपुर रेंज जयपुर राहुल प्रकाश आईपीएस के आदेशानुसार अभियान को पुलिस अधीक्षक जिला झुंझुनूं कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के सुपरविजन में संचालित किया गया। पुलिस टीमों ने असामाजिक तत्वों, वांछित अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर, गैंगस्टर एवं गैंग सदस्यों तथा संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिलेभर में दबिश दी। पुलिस के अनुसार आमजन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से इस तरह के अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।











