Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं निजामपुर मोड़ की झाड़ियों में पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर...

निजामपुर मोड़ की झाड़ियों में पुलिस चौकी से महज 100 मीटर दूर मिला युवक का शव , छत से गिरने की आशंका

खेतड़ी के निजामपुर मोड़ पर झाड़ियों में युवक का शव मिलने के बाद घटनास्थल पर जांच करती पुलिस

सैलून में काम करता था 27 वर्षीय फैजान , रात को गर्मी लगने की बात कहकर गया था छत पर , पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

खेतड़ी। झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
खेतड़ी थाना क्षेत्र में निजामपुर मोड़ के पास मंगलवार सुबह झाड़ियों में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर की दूरी पर मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान फैजान (27) पुत्र शराफत अली निवासी अमरोहा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। फैजान निजामपुर मोड़ स्थित राज रॉयल हेयर सैलून में काम करता था और करीब एक साल से खेतड़ी में रहकर सैलून में कार्य कर रहा था।

करीब दो माह पहले ही वह अपने घर से वापस खेतड़ी आया था। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार फैजान रात में अपने साथ कमरे में रहने वाले रिजवान के साथ था। खाना खाने के बाद रात करीब 11 बजे गर्मी लगने की बात कहकर वह छत पर सोने के लिए चला गया। इसके बाद सुबह राहगीरों ने झाड़ियों में युवक का शव पड़ा देखा तो आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और प्रारंभिक जांच में छत से नीचे गिरने के कारण युवक की मौत होने की आशंका जताई है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर भी मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की सूचना दे दी। शव को कब्जे में लेकर राजकीय उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के खेतड़ी पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। डीएसपी राजेंद्र सिंह बुरड़क ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही फैजान की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Advertisement