सात जवानों ने छह घंटे तक चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन , दोपहर 1:30 बजे मिली सफलता
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
लोहार्गल स्थित बरखंडी पहाड़ी की दुर्गम खाई में गिरे 80 वर्षीय महंत का शव मंगलवार को एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया। टीम ने रेस्क्यू रोप, कैरोमिनर और फोल्डिंग स्ट्रक्चर की मदद से खाई में उतरकर अभियान चलाया और शव को सुरक्षित बाहर निकालकर स्थानीय प्रशासन को सुपुर्द किया। एसडीआरएफ राजस्थान कंट्रोल रूम जयपुर को बरखंडी पहाड़ी की खाई में महंत के शव के होने की सूचना मिली थी।
कमांडेंट नरेश शर्मा के निर्देश पर एसडीआरएफ ए कंपनी जयपुर की आपदा राहत एवं बचाव टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। जल महल जयपुर में तैनात रेस्क्यू टीम के प्रभारी हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश के नेतृत्व में सात जवान बरखंडी पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने मंगलवार सुबह करीब 7 बजे घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। पहाड़ी का क्षेत्र अत्यंत दुर्गम होने के कारण टीम को काफी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ऑपरेशन करना पड़ा। जवानों ने रेस्क्यू रोप, कैरोमिनर और फोल्डिंग स्ट्रक्चर के सहारे खाई में उतरकर शव तक पहुंचने का प्रयास किया। लगातार करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 1:30 बजे टीम को सफलता मिली।
एसडीआरएफ जवानों ने खाई से सुरजारदास महाराज पुत्र भूराराम जाट (80), निवासी सिंगोद कला, जिला जयपुर, हाल निवासी महंत बरखंडी मंदिर, लोहार्गल, थाना गोठड़ा, का शव बरामद किया। शव को दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र से बाहर निकालने के बाद एसडीआरएफ टीम ने उसे स्थानीय प्रशासन के सुपुर्द कर दिया।










