बंजारा बस्ती से जे.बी. शाह गर्ल्स कॉलेज तक चला साइबर जागरूकता अभियान, ऑनलाइन फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया हैकिंग से बचाव के बताए तरीके
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच जिला पुलिस ने आमजन और छात्राओं को साइबर ठगी से बचाने के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। साइबर सुरक्षित राजस्थान माह सितंबर 2026 के तहत सोमवार को पुलिस थाना साइबर की ओर से शहर के बंजारा बस्ती , मंड्रेला रोड झुंझुनूं तथा जे.बी. शाह गर्ल्स कॉलेज में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इस दौरान पुलिस टीम ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग सहित साइबर अपराध के नए तरीकों से सावधान रहने की अपील की। कार्यक्रम महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार आयोजित हुआ। जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत , अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक त्वरित अनुसंधान निस्तारण दल फूलचंद मीणा तथा साइबर थाना झुंझुनूं थानाधिकारी रामखिलाड़ी मीणा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
साइबर थाना टीम के मुख्य वक्ता अशोक कुमार प्रोग्रामर और ताराचंद मीणा सहायक उपनिरीक्षक ने छात्राओं, कॉलेज स्टाफ और आमजन को साइबर ठगी के बदलते तौर-तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठग लोगों को अलग-अलग बहाने से झांसे में लेकर बैंक संबंधी जानकारी हासिल करते हैं। फर्जी लिंक भेजकर फिशिंग, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, निवेश के नाम पर ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में लोगों को भय या लालच का शिकार बनाया जा रहा है। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि ओटीपी, बैंक विवरण, पासवर्ड अथवा व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। सोशल मीडिया पर फोटो, पहचान संबंधी जानकारी, घर का पता और बच्चों के स्कूल जैसी निजी जानकारियां साझा करने से भी बचना चाहिए।
मोबाइल में टू-स्टेप वेरिफिकेशन रखने और अनजान कॉल या संदेशों में दिए गए प्रलोभन में नहीं आने की सलाह दी गई। पुलिस ने विशेष रूप से निवेश संबंधी साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि जल्दी और ज्यादा कमाई के लालच तथा दिखावे के चक्कर में लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा देते हैं। ऑनलाइन लेनदेन के दौरान केवल भरोसेमंद और सुरक्षित प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करने तथा डिजिटल भुगतान करते समय सुरक्षा नियमों का पालन करने की बात कही गई। कार्यक्रम में साइबर अपराध का शिकार होने की स्थिति में तत्काल कार्रवाई पर भी जोर दिया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठगी होने पर देरी किए बिना राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
साथ ही साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल पर शिकायत की जा सकती है अथवा नजदीकी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई जा सकती है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है। बच्चों, बुजुर्गों और परिवार के सभी सदस्यों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सतर्कता को ही साइबर ठगी के खिलाफ सबसे मजबूत सुरक्षा कवच बनाया जा सकता है।










