पपुरना में तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मंदिर परिसर का सीमा ज्ञान कराने और अवैध कब्जे हटाने की मांग
खेतड़ी। झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के पपुरना स्थित शाकंभरी माता मंदिर परिसर की जमीन से कथित अवैध कब्जे हटाने की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने तहसीलदार सुभाषचंद्र को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मंदिर की भूमि का सीमा ज्ञान करवाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द करने की मांग की। तहसीलदार को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि पपुरना में शाकंभरी माता का प्राचीन मंदिर स्थित है, जिसका पंजीयन भी विधिवत रूप से कराया हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ समय पूर्व कुछ लोगों ने कथित रूप से फर्जी पट्टे तैयार करवाकर मंदिर परिसर की जमीन पर कब्जा कर लिया तथा वहां तारबंदी कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि कथित फर्जी पट्टा प्रकरण का उन्होंने पुरजोर विरोध करते हुए मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया था। इसके बाद प्रशासन की ओर से कार्रवाई करते हुए ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित किया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि इसके बावजूद मंदिर की भूमि पर किए गए कथित कब्जे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।
ज्ञापन में ग्रामीणों ने मंदिर परिसर में स्थित नरसिंह भगवान के मंदिर से भैरव मंदिर तक के बीच के क्षेत्र की आबादी का सीमा ज्ञान करवाने की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार सीमा ज्ञान के बाद मंदिर की भूमि पर किए गए कथित अवैध कब्जों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और प्रशासन नियमानुसार कार्रवाई कर सकेगा। ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर निर्माण एवं व्यवस्था के लिए पूर्व में ग्रामीणों की बैठक कर जमीन उपलब्ध कराई गई थी। उनका आरोप है कि बाद में कुछ लोगों ने निजी स्वार्थ के चलते मंदिर की जमीन पर कब्जा कर लिया।
इसे लेकर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर मंदिर की भूमि का सीमांकन एवं सीमा ज्ञान कराया जाए तथा यदि जांच में कब्जा अवैध पाया जाता है तो उसे तत्काल हटाया जाए। ज्ञापन सौंपने वालों में मोहन सिंह, शेर सिंह, सुमेर सिंह, महिपाल सिंह, अमरसिंह, राजपाल सिंह, श्रीपाल सिंह और समुंद्र सिंह सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।











