भाजपा 8 निकायों में अध्यक्ष बनाने में सफल, एक कुर्सी निर्दलीय के खाते में; तीन जगह लॉटरी और चार निकायों में एक वोट ने तय की जीत-हार
झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
जिले की एक नगर परिषद सहित कुल 19 नगर निकायों के सभापति एवं अध्यक्ष पद के चुनाव सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए गए तथा संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों ने विजयी प्रत्याशियों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र सौंपे। निकाय प्रमुखों के चुनाव की अंतिम तस्वीर में कांग्रेस भाजपा पर भारी रही। कांग्रेस ने 10 निकायों में अध्यक्ष/सभापति पद हासिल किया, जबकि भाजपा 8 निकायों में अपनी सत्ता कायम करने में सफल रही। एक निकाय में निर्दलीय प्रत्याशी अध्यक्ष निर्वाचित हुआ। राजनीतिक लिहाज से देखा जाए तो जिले की शहरी राजनीति में कांग्रेस का पलड़ा दो निकायों से भारी रहा। खास बात यह रही कि तीन निकायों में कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों को बराबर मत मिलने के बाद लॉटरी से फैसला हुआ, जबकि चार निकायों में महज एक वोट के अंतर ने जीत-हार तय की। इससे इस चुनाव में पार्षदों के एक-एक वोट की अहमियत साफ तौर पर सामने आई।
झुंझुनूं नगर परिषद में कांग्रेस ने मारी बाजी
जिले की सबसे बड़ी नगर परिषद झुंझुनूं में कांग्रेस के अब्दुल्ला अगवान सभापति निर्वाचित हुए। उन्हें 35 वोट मिले, जबकि भाजपा के मनु धनखड़ को 25 वोट मिले। अगवान ने 10 वोट के अंतर से जीत दर्ज की। नगर परिषद के चुनाव में कांग्रेस के 30, भाजपा के 15 और निर्दलीय 15 पार्षद निर्वाचित हुए थे। बहुमत का आंकड़ा 31 था। यानी कांग्रेस बहुमत से केवल एक सीट दूर थी, लेकिन सभापति के चुनाव में उसके प्रत्याशी को 35 वोट मिले। इस परिणाम ने झुंझुनूं नगर परिषद की स्थानीय राजनीति में कांग्रेस के पक्ष में अतिरिक्त समर्थन के समीकरण को सामने ला दिया।
कांग्रेस के 10, भाजपा के 8 और निर्दलीय के खाते में एक कुर्सी
19 निकायों का अंतिम राजनीतिक गणित इस प्रकार रहा— कांग्रेस ने झुंझुनूं, मंडावा, बिसाऊ, सिंघाना, मुकुंदगढ़, मंड्रेला, सुल्ताना, चिड़ावा, नवलगढ़ और बगड़ सहित कुल 10 निकायो में जीत हासिल की वहीं भाजपा ने मलसीसर, डूंडलोद, विद्या विहार पिलानी, बुहाना, उदयपुरवाटी, पिलानी, जाखल और खेतड़ी सहित कुल 8 निकायो में जीत हासिल की और एक निर्दलीय ने सूरजगढ़ निकाय में जीत हासिल की । इस प्रकार कांग्रेस 10 बनाम भाजपा 8 के आंकड़े के साथ दो निकाय आगे रही।
तीन जगह बराबरी, लॉटरी से खुला भाग्य
मलसीसर में भाजपा के पवन कुमार और कांग्रेस के प्रवीण को 10-10 वोट मिले। बराबरी के बाद लॉटरी कराई गई, जिसमें भाजपा के पवन कुमार विजयी रहे। बुहाना में भाजपा की मंजू बाला और कांग्रेस के सुधीर राज्ञे को 10-10 वोट मिले। लॉटरी में भाजपा की मंजू बाला विजयी रहीं। बगड़ में कांग्रेस के राकेश कुमार शर्मा और भाजपा के गोविंद सिंह को 10-10 वोट मिले। लॉटरी में कांग्रेस के राकेश कुमार शर्मा के नाम जीत निकली। इस तरह बराबरी वाले तीन मुकाबलों में भाजपा को दो और कांग्रेस को एक निकाय मिला।
चार जगह सिर्फ एक वोट से जीत
जिले के चार निकायों में मुकाबला इतना करीबी रहा कि महज एक वोट ने अध्यक्ष की कुर्सी तय कर दी।विद्या विहार, पिलानी: भाजपा के सिकंदर को 13 और निर्दलीय प्रदीप कुमार झाझड़िया को 12 वोट मिले । बिसाऊ: कांग्रेस की सलमा को 13 और भाजपा की सोनम देवी को 12 वोट मिले । उदयपुरवाटी: भाजपा की अनुराधा को 18 और कांग्रेस के रूडमल को 17 वोट मिले I पिलानी: भाजपा के नगेंद्र कुमार को 18 और निर्दलीय धर्मेंद्र नेहरा को 17 वोट मिले यानी इन चारों निकायों में जीत का अंतर केवल एक मत रहा।
कहां किसने कितने वोट हासिल किए
मंडावा: कांग्रेस के सज्जन लाल मिश्रा 17, भाजपा के विजेंद्र सैनी 8 , डूंडलोद: भाजपा के सचिन सैनी 11 , कांग्रेस के मनफूल सिंह पूनिया 9 , सिंघाना: कांग्रेस की पिंकी 19, भाजपा की रेणु देवी 16 , मुकुंदगढ़: कांग्रेस के सत्यनारायण सैनी 15 , भाजपा के अजय 10 , जाखल: भाजपा के भगवान सिंह 15 , कांग्रेस की निर्मला देवी 5 , मंड्रेला: कांग्रेस की प्रवीण 16 , निर्दलीय रतनी देवी 9 , सुल्ताना: कांग्रेस की सोनिया 17, भाजपा की पूजा शर्मा 8 , चिड़ावा: कांग्रेस की सुमित्रा सैनी 26 , भाजपा के सुरेश कुमार 19 , सूरजगढ़: निर्दलीय नरेंद्र सिंह 14 , भाजपा के रूकमानंद 10 , नवलगढ़: कांग्रेस की माया देवी 26 , भाजपा की उषा देवी ने 19 मत हासिल किए वहीं खेतड़ी में भाजपा की गीता सैनी निर्विरोध निर्वाचित हुई । खेतड़ी नगर पालिका में भाजपा की गीता सैनी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हो चुकी हैं। यहां अध्यक्ष पद के लिए उनके सामने कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं रहा और उनका निर्वाचन निर्विरोध हुआ।
पार्षदों के चुनाव से अलग दिखी अध्यक्षों की तस्वीर
निकाय प्रमुखों के चुनाव का परिणाम जिले की स्थानीय राजनीति का एक दिलचस्प पहलू सामने लाता है। पार्षद चुनाव में कई निकायों में निर्दलीय पार्षदों ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी, लेकिन जब अध्यक्ष एवं सभापति चुनने की बारी आई तो कांग्रेस और भाजपा ने अधिकांश निकायों की सत्ता अपने-अपने पाले में कर ली। कांग्रेस ने 10 निकायों में अध्यक्ष – सभापति बनाकर भाजपा के मुकाबले दो अधिक निकाय हासिल किए। भाजपा भी 8 निकायों में अध्यक्ष पद पाने में सफल रही, जबकि सूरजगढ़ में निर्दलीय नरेंद्र सिंह ने दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए अध्यक्ष पद हासिल किया।
सियासी तस्वीर साफ — कांग्रेस आगे, भाजपा भी मजबूत
19 निकायों के परिणामों ने झुंझुनूं की शहरी राजनीति में कांग्रेस को बढ़त और भाजपा को मजबूत चुनौती देने वाली स्थिति में दिखाया है। प्रदेश में भाजपा की सरकार होने के बावजूद जिले के निकाय प्रमुखों के चुनाव में कांग्रेस का आंकड़ा भाजपा से अधिक रहा। वहीं भाजपा ने भी आठ निकायों में अध्यक्ष पद हासिल कर यह दिखाया कि जिले के शहरी क्षेत्रों में उसका राजनीतिक आधार कायम है। खासकर एक-एक वोट और लॉटरी से तय हुए परिणामों ने यह स्पष्ट किया कि निकाय चुनावों में राजनीतिक समीकरण बेहद करीबी रहे। अंतिम तस्वीर यही रही — जिले की 19 निकायो में कांग्रेस 10, भाजपा 8 और निर्दलीय 1 पर सफल रहें I यानी झुंझुनूं जिले की शहरी सत्ता के इस चरण में कांग्रेस का पलड़ा भाजपा से दो निकाय भारी रहा।













