राजस्थानी फिल्म ‘म्हारो श्याम’ के गीत लेखन के लिए किया सम्मानित, फिल्म का संगीत सुजानगढ़ के संगीतकार राज सैन ने दिया
सुजानगढ़। सुजानगढ़ के गीतकार रफीक को राजस्थानी फिल्म जगत में उनके योगदान के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार के अवार्ड से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान राजस्थानी फिल्म ‘म्हारो श्याम’ के गीत लेखन के लिए दिया गया।
चौमूं स्थित द विटेज विलेज रिसॉर्ट में आयोजित 7वें राजस्थान सिनेमा अवार्ड समारोह में रफीक को यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में राजस्थानी फिल्म जगत से जुड़े कलाकारों और रचनाकारों की मौजूदगी रही।
‘म्हारो श्याम’ के गीतों को मिला सम्मान
उल्लेखनीय है कि निर्देशक एवं अभिनेता मंजूर अली कुरैशी की फिल्म ‘म्हारो श्याम’ का निर्माण एमके मित्तल एवं विजयलक्ष्मी के बैनर तले हुआ है। फिल्म के गीतों के लिए रफीक को सर्वश्रेष्ठ गीतकार के सम्मान से नवाजा गया।
फिल्म के गीतों को सुजानगढ़ के संगीतकार राज सैन ने संगीतबद्ध किया है। इस उपलब्धि के साथ सुजानगढ़ का नाम राजस्थानी सिनेमा के रचनात्मक क्षेत्र में एक बार फिर चर्चा में आया है। रफीक को मिले इस सम्मान पर क्षेत्र के कला एवं सिनेमा प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी।
















