हादसे में कार के उड़े परखच्चे, अंदर फंसे लोगों को गेट तोड़कर निकाला; दिल्ली के आश्रम से धार्मिक यात्रा पूरी कर लौट रहे थे
सूरजगढ़/ झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले के सूरजगढ़ थाना क्षेत्र में रघुनाथपुरा टोल प्लाजा के पास गुरूवार देर रात कार और ट्रक की भीषण भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और बचाव दल की मदद से कार का गेट तोड़कर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस से सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
ब्रेकर पर कार की रफ्तार कम हुई, पीछे से आया तेज रफ्तार ट्रक
सूरजगढ़ थाने के एसआई कानाराम ने बताया कि कार में सवार सभी लोग दिल्ली स्थित एक आश्रम से धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। देर रात कार रघुनाथपुरा टोल प्लाजा के पास पहुंची। सड़क पर बने ब्रेकर पर चालक ने कार की रफ्तार कम की। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक के चालक ने कार को बचाने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक कार से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला और पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार लोग अंदर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों व बचाव दल की मदद से राहत कार्य शुरू किया।
अस्पताल पहुंचते ही शर्मीला और महेंद्र की मौत
हादसे में घायल लोगों को तत्काल सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने चूरू हाल सीकर निवासी शर्मीला और गुढ़ा निवासी महेंद्र को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं सीथल निवासी ओमप्रकाश की हालत गंभीर बताई गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झुंझुनूं के बीडीके अस्पताल रेफर किया गया। हादसे में घायल हरिराम, शीशराम और आलोक, सभी निवासी सीथल, का सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे के बाद कार की हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने बचाव दल के साथ मिलकर कार का गेट तोड़ा और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। एसआई कानाराम के अनुसार पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ब्रेकर पर कार की गति कम होने के दौरान पीछे से आ रहे ट्रक की टक्कर से दुर्घटना हुई।













