Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बुहाना में कांग्रेस पार्षद के लापता होने से सियासी हलचल, बंधक बनाए...

बुहाना में कांग्रेस पार्षद के लापता होने से सियासी हलचल, बंधक बनाए जाने की आशंका

बुहाना में कांग्रेस पार्षद सुनील कुमार सिहोड़िया के लापता होने का मामला

पिता ने एसडीएम को सौंपा परिवाद, चेयरमैन बनाने का आश्वासन देकर साथ ले जाने का आरोप; एसडीएम ने पुलिस को जांच के निर्देश दिए

बुहाना ।झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
बुहाना नगरपालिका चुनाव के बाद कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित पार्षद सुनील कुमार सिहोड़िया के कथित रूप से लापता होने का मामला सामने आने से क्षेत्र में सियासी हलचल तेज हो गई है। पार्षद के पिता सुभाष चंद्र ने एसडीएम शकुंतला के समक्ष परिवाद पेश कर बेटे को जबरन ले जाने और बंधक बनाए जाने की आशंका जताई है। मामले में एसडीएम ने थानाधिकारी बुहाना राममनोहर ठोलिया को परिवाद भेजकर तथ्यों की जांच करने तथा नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

परिवाद के अनुसार वार्ड संख्या 5 से सुनील कुमार सिहोड़िया कांग्रेस के टिकट पर नगरपालिका पार्षद निर्वाचित हुए हैं। परिवार का आरोप है कि 16 सितंबर को नगरपालिका कार्यालय में चेयरमैन पद के नामांकन की प्रक्रिया के दौरान सुनील कुमार कुछ लोगों के संपर्क में आया। आरोप है कि उसे चेयरमैन बनाने का आश्वासन देकर कुछ लोग अपने साथ ले गए। इसके बाद से उसका परिवार से संपर्क नहीं हो पाया। परिजनों के अनुसार सुनील कुमार का मोबाइल फोन भी बंद है।

काफी प्रयासों के बावजूद उससे संपर्क नहीं होने पर परिवार ने उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि नगरपालिका में राजनीतिक बहुमत बढ़ाने तथा अपने पक्ष में मतदान करवाने के उद्देश्य से सुनील कुमार को जबरन ले जाकर अपने कब्जे में रखा गया हो सकता है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि जब सुनील कुमार के संबंध में कुछ लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया गया तो कथित तौर पर उन्हें बताया गया कि वह बीकानेर में है और अभी उनके कब्जे में है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

मामले में सुभाष चंद्र की ओर से दिए गए परिवाद पर एसडीएम शकुंतला ने इसे पुलिस थाना बुहाना भेजते हुए थानाधिकारी को मामले के सभी तथ्यों की जांच करने और नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जांच रिपोर्ट शीघ्र कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा गया है।।एसडीएम की ओर से जारी पत्र में परिवाद के हवाले से बताया गया है कि सुनील कुमार सिहोड़िया को जबरन बंधक बनाकर रखने की आशंका जताई गई है तथा उसकी तलाश के लिए वारंट जारी किए जाने का निवेदन किया गया है।

एसडीएम ने पुलिस को परिवाद में दी गई मूल जानकारी के आधार पर आवश्यक तथ्य जुटाने के निर्देश दिए हैं। थानाधिकारी राममनोहर ठोलिया ने बताया कि एसडीएम की ओर से दिए गए निर्देश के आधार पर मामले में जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पार्षद सुनील कुमार की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पार्षद के लापता होने और उन्हें बंधक बनाए जाने के आरोपों की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मामले ने बुहाना नगरपालिका में चेयरमैन पद को लेकर चल रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच नया सवाल खड़ा कर दिया है।

Advertisement