Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं निकाय अध्यक्ष चुनाव के बीच अग्रवाल समाज की नाराजगी खुलकर आई सामने

निकाय अध्यक्ष चुनाव के बीच अग्रवाल समाज की नाराजगी खुलकर आई सामने

झुंझुनूं निकाय अध्यक्ष चुनाव में अग्रवाल समाज की समर्थन की मांग

भाजपा नेतृत्व को पत्र भेजकर दो महिला दावेदारों के समर्थन की मांग, सूरजगढ़ में पुष्पा देवी गुप्ता और मुकुंदगढ़ में संजू चौधरी के पक्ष में लामबंदी

अग्रवाल समाज ने कहा—भाजपा को मजबूत करने में लंबे समय से योगदान, अब राजनीतिक एवं संगठनात्मक प्रतिनिधित्व में मिले उचित भागीदारी; मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ से हस्तक्षेप की अपील

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
जिले में निकाय अध्यक्ष पद के चुनाव के बीच अग्रवाल समाज की राजनीतिक भागीदारी और प्रतिनिधित्व को लेकर नाराजगी खुलकर सामने आई है। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की झुंझुनूं शाखा के जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान ‘नूआंवाला’ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को पत्र भेजकर जिले की दो नगरपालिकाओं में अग्रवाल समाज की महिला दावेदारों को भाजपा का समर्थन दिलाने की मांग की है। समाज की ओर से सूरजगढ़ में पुष्पा देवी गुप्ता तथा मुकुंदगढ़ में संजू चौधरी के समर्थन की पैरवी की गई है।

13 निकायों में सामान्य वर्ग के अध्यक्ष पद

जालान की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि झुंझुनूं जिले के 19 नगरीय निकायों में 13 निकाय प्रमुख के पद सामान्य अथवा सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित हैं। ऐसे में अग्रवाल समाज की ओर से राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर अपेक्षाएं बढ़ी हुई हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि समाज को जिले में राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्तर पर अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है, जिससे समाज में असंतोष की भावना है। पत्र में सूरजगढ़ नगरपालिका से पुष्पा देवी गुप्ता के लिए भाजपा समर्थन की मांग की गई है।

पत्र के अनुसार पुष्पा देवी गुप्ता भाजपा से निवर्तमान चेयरमैन रही हैं। उनके पति सेवाराम गुप्ता भी लंबे समय से भाजपा के विभिन्न दायित्वों से जुड़े रहे हैं। सम्मेलन ने उनके राजनीतिक अनुभव और परिवार के भाजपा से जुड़ाव का हवाला देते हुए पार्टी नेतृत्व से उनके समर्थन में निर्णय लेने की मांग की है।वहीं मुकुंदगढ़ नगरपालिका में संजू चौधरी अग्रवाल के समर्थन की मांग की गई है। पत्र में चौधरी परिवार के भाजपा से पुराने राजनीतिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि नवलगढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा को मजबूत करने में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में समाज की ओर से संजू चौधरी को अध्यक्ष पद के लिए समर्थन दिए जाने की मांग की गई है।

‘भाजपा के मजबूत समर्थक रहे हैं अग्रवाल समाज के परिवार’

अग्रवाल सम्मेलन जिलाध्यक्ष श्यामसुंदर जालान ‘नूआंवाला’ ने पत्र में कहा कि अग्रवाल समाज लंबे समय से भाजपा का मजबूत समर्थक रहा है। समाज के परिवारों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने में अपना योगदान दिया है। इसके बावजूद जिले में राजनीतिक एवं संगठनात्मक स्तर पर समाज की लगातार अनदेखी किए जाने की भावना समाज के लोगों में बनी हुई है। उन्होंने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मांग की है कि सूरजगढ़ में पुष्पा देवी गुप्ता और मुकुंदगढ़ में संजू चौधरी को पार्टी का समर्थन दिलाकर अध्यक्ष निर्वाचित करवाने में सहयोग किया जाए।

साथ ही मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष से इस मामले में हस्तक्षेप कर समाज की अपेक्षाओं पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की गई है। जिले की 19 नगरीय निकायों में अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए कुल 52 नामांकन दाखिल हुए थे। नामांकन वापसी के बाद विभिन्न निकायों में अध्यक्ष पद के मुकाबले की तस्वीर स्पष्ट हो चुकी है। ऐसे में अग्रवाल समाज की ओर से भाजपा नेतृत्व को भेजे गए इस पत्र ने निकाय अध्यक्ष चुनाव की राजनीतिक सरगर्मी को और बढ़ा दिया है। अब सूरजगढ़ और मुकुंदगढ़ में अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर भाजपा नेतृत्व क्या रूख अपनाता है, इस पर राजनीतिक हलकों और समाज के लोगों की नजर है।

Advertisement